राज्य में कॉकरोच जनता पार्टी का क्रेज, शहर से दो लाख से ज्यादा युवा जुड़े; बड़े राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ा!
Saturday, May 23, 2026-11:03 AM (IST)
CG Desk: भारतीय सोशल मीडिया पर इन दिनों 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) जबरदस्त तरीके से वायरल हो रही है। महज कुछ ही दिनों के भीतर इस डिजिटल आंदोलन से लाखों लोग जुड़ चुके हैं। यह कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक व्यंग्यात्मक (Satirical) समूह है जो इंटरनेट मीम्स और हास्य के जरिए देश की राजनीतिक व्यवस्था पर तीखे सवाल उठा रहा है। इसी बीच छत्तीसगढ़ राज्य में भी पार्टी का क्रेज देखने को मिल रहा है। शहर से करीब दो लाख से ज्यादा युवा जुड़े है।
जानकारी के मुताबिक इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शहर के युवा इस पेज को तेजी से फॉलो कर रहे हैं। खास बात यह है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने इंस्टाग्राम पर बीजेपी जैसे बड़े राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया है। हालांकि इंस्टाग्राम शहरवार फॉलोअर्स का आधिकारिक डेटा सार्वजनिक नहीं करता, इसलिए रायपुर के फॉलोअर्स की सटीक संख्या सामने नहीं आई है। लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इसकी बढ़ती मौजूदगी यह संकेत दे रही है कि रायपुर के दो लाख से ज्यादा युवा भी इस ट्रेंड से जुड़ चुके हैं। दरअसल, युवा बेरोजगारी, एग्जाम, सिस्टम और राजनीति पर व्यंग्यात्मक कंटेंट के कारण इससे खुद को जोड़कर देख रहे हैं।
जानिए इस पार्टी की शुरुआत कैसे हुई
इस पार्टी की शुरुआत एक इंटरनेट जोक के तौर पर हुई थी। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से जुड़ी एक टिप्पणी, जिसमें कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं के संदर्भ में 'कॉकरोच' शब्द का इस्तेमाल हुआ था, के बाद यह नाराजगी एक आंदोलन में बदल गई। हालांकि बाद में इस पर स्पष्टीकरण भी आया, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर युवाओं का गुस्सा फूट चुका था।
आलसी और बेरोजगार' ही बन सकते हैं सदस्य
पार्टी की वेबसाइट खुद को "आलसियों और बेरोजगारों की आवाज" बताती है। इसके सदस्य बनने के लिए योग्यताएं भी काफी दिलचस्प हैं: व्यक्ति को 'बेरोजगार', 'आलसी', 'इंटरनेट का शौकीन' और 'प्रोफेशनल तरीके से भड़ास निकालने वाला' होना चाहिए। एआई (AI) टूल्स की मदद से बनी इस पार्टी की विचारधारा गांधी, अंबेडकर और नेहरू से प्रेरित बताई गई है।

