चोरी-छिपे गर्ल फ्रेंड के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट करने गया था डॉक्टर! नशे में गार्ड को पीटा, पुलिस और पत्नी तक पहुंचा मामला

1/3/2022 6:57:22 PM

ग्वालियर(अंकुर जैन): महिला दोस्त के साथ पॉश अपार्टमेंट में न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने पहुंचे डॉक्टर को गार्ड के साथ मारपीट करना महंगा पड़ गया। गार्ड के साथ विवाद इतना बढ़ गया कि सुलझाने के लिए पुलिस को आना पड़ा और देखते ही देखते मामला डॉक्टर की पत्नी तक पहुंच गया। अब गार्ड के साथ साथ डॉक्टर की पत्नी ने भी अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गार्ड का आरोप है कि डॉक्टर अक्सर यहां अपनी महिला मित्र के साथ पार्टी करने आते हैं और शराब पीकर हंगामा करते हैं।

दरअसल, शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर राजेश शाक्य एक अन्य व्यापारी दोस्त राहुल गुप्ता के साथ सिरोल स्थित साक्षी पर्ल अपार्टमेंट पहुंचे थे। शनिवार-रविवार दरमियानी रात 12 बजे जैसे ही वे दोनों अपार्टमेंट के गेट से अंदर जा रहे थे तो बिजली गुल हो गई। गार्ड कुलदीप यादव ने उनकी कार का नंबर देखने के लिए मोबाइल टार्च का इस्तेमाल किया। डॉक्टर को लगा कि गार्ड उसका वीडियो बना रहा है। उसने बिना कोई सवाल किए गार्ड को पीटना शुरु कर दिया और गाली गलौज की। इतना ही नहीं डॉक्टर के व्यापारी दोस्त ने भी गार्ड से मारपीट की। मारपीट करने के बाद दोनों अंदर चले गए। गार्ड ने अपार्टमेंट के अन्य सदस्यों को आपबीती सुनाई और घटना की सूचना पुलिस को दे दी।



सिरोल पुलिस की टीम फ्लैट नंबर 105 पर पहुंची तो अंदर का नजारा हैरान कर देने वाला था। टेबल पर शराब की बोतलें सजी थीं। वहीं, अंदर डॉक्टर समेत दो युवक और दो महिलाएं थीं। पुलिस ने जैसे ही डॉक्टर को पकड़कर सवाल जवाब किए तो वहां बैठी एक महिला ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और डॉ.राजेश को अपना पति बताया। साथ ही कहा कि वे उनके साथ अपनी सहेली की बर्थडे पार्टी पर आए हैं। इस पर पुलिस ने उसे समझाया कि उन्हें पता है डॉक्टर उसका दोस्त है या पति तो महिला खामोश हो गई। इसके बाद पुलिस डॉक्टर और उसके दोस्त राहुल गुप्ता को लेकर थाने चली गई। घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल पर कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। यह वीडियो डॉक्टर की पत्नी ज्योति शाक्य तक पहुंचा तो वह भी शिवपुरी से ग्वालियर पहुंच गई।

ज्योति शाक्य ने सिरोल थाने पहुंच कर पति के महिला के साथ संबंधों को लेकर शिकायत की है। उसने डॉक्टर और पुलिस के सामने डॉक्टर को अपना पत्नी बताने वाली महिला के संबंधों पर सवाल खड़े किए हैं। अब पुलिस ने महिला की शिकायत को भी जांच में लिया है। वहीं गार्ड कुलदीप यादव ने पुलिस को बताया कि मारपीट करने वाला शिवपुरी का डॉ. राकेश शाक्य अक्सर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में आता जाता रहता है। यहां अक्सर पार्टी करते हैं और आसपास के लोग परेशान रहते हैं।

meena

This news is Content Writer meena