जनजातीय समुदाय और वनवासी क्षेत्रों में रहने वालों को कोई कठिनाई नहीं आने देंगे : मुख्यमंत्री मोहन यादव

Monday, Aug 04, 2025-07:21 PM (IST)

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। हम जनजातीय समुदाय और वनवासी क्षेत्रों में रहने वालों को कोई कठिनाई नहीं आने देंगे। उनके लिए धरती आबा योजना और प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत कार्य हो रहे हैं। भारत सरकार की ओर से प्रदेश के सभी जनजातीय बहुल 89 विकासखंडों के लिए समयबद्ध रूप से पर्याप्त धनराशि प्रदान की गई है। इससे प्रदेश के सभी वनवासी क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं दी जा रही हैं। जनजातीय भाई-बहनों को 2-2 लाख रुपए पक्के मकान बनाने के लिए दिए जा रहे हैं। ऐसी कई जनकल्याणकारी कार्य सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्रस्तुत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर दिए गए उत्तर में यह बात कही। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए हमारी सरकार दलगत भावना से ऊपर उठकर कार्य कर रही है। अगर नेता प्रतिपक्ष या प्रतिपक्ष के किसी सदस्य ने सदन में कोई कल्याणकारी सुझाव दिया है, तो हम विधानसभा के बाहर भी बैठक कर जनजातीय हितों पर उनके साथ चर्चा के लिए तैयार हैं। प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग के कल्याण के लिए जबावदारी के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के हर नागरिक के कल्याण के लिए सभी कार्य प्रतिबद्धता के साथ पूर्ण किए जा रहे हैं। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के जनजातीय अंचलों में देवस्थान पुजारियों का मुख्यमंत्री निवास में सम्मेलन आयोजित किया था। सरकार द्वारा वनवासियों की परंपराओं को सम्मान प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में भगोरिया को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही सभी त्यौहारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनजातीय वर्ग के कलाकारों को पारंपरिक कलाओं एवं वाद्य यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि झाबुआ जैसे जनजातीय बहुल जिले में पंचायत स्तर पर समाज के लोगों ने शादियों में डीजे के उपयोग को स्वयं प्रतिबंधित कर दिया है। अब वे पारंपरिक वाद्य यंत्रों को बजाकर शादी-विवाह आदि कार्यक्रम संपन्न कराते हैं। सरकार जनजातीय भाई-बहनों के कल्याण के लिए उनके साथ खड़ी है और उनके विकास के लिए तत्पर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि वर्षा-काल में किसी भी जनजातीय भाई-बहन को मकान से बेदखल नहीं किया जाएगा। जनजातीय परिवारों को पात्रतानुसार जमीन के पट्टे आवंटित किए गए हैं। हमारी सरकार ने अब तक साढ़े 23 हजार पट्टे बांटे हैं। राज्य सरकार दलगत भावना से ऊपर उठकर हर मुद्दे पर वार्ता एवं सकारात्मक कार्यों के लिए हमेशा तैयार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News