पटवारी ने सीमांकन के नाम पर मांगी 25 हजार रुपए रिश्वत, लोकायुक्त ने पहली किस्त 7 हजार रुपए लेते दबोचा
Tuesday, Nov 03, 2026-05:51 PM (IST)
मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में लोकायुक्त पुलिस की ग्वालियर इकाई ने जमीन का सीमांकन करने के एवज में सात हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी प्रदीप शर्मा को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। मंगलवार को पहली किस्त के रूप में सात हजार रुपए लेते हुए उसे ट्रैप किया गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आवेदक मुरारीलाल कुशवाहा (70), निवासी ग्राम मुरैना गांव का पूरा ने 16 अक्टूबर 2026 को तहसील कार्यालय में जमीन के सीमांकन के लिए ऑनलाइन रसीद और आवेदन जमा किया था। इस पर तहसीलदार ने 21 अक्टूबर को राजस्व निरीक्षक कतरौलिया और संबंधित हल्के के पटवारी प्रदीप शर्मा को सात दिन में सीमांकन करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जब आवेदक पटवारी से मिला तो उसने सीमांकन करने के बदले 25 हजार रुपए खर्चा-पानी के रूप में मांगे।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने पटवारी को रंगे हाथों पकड़वाने के लिए लोकायुक्त से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को तहसील कार्यालय मुरैना में तहसीलदार के कक्ष में कारर्वाई करते हुए पटवारी को सात हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में हुई।
इस कारर्वाई में निरीक्षक बलराम राजावत और उपेन्द्र दुबे सहित लोकायुक्त ग्वालियर की टीम शामिल रही। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। लोकायुक्त टीम आगे की कारर्वाई कर रही है।

