भाजयुमों की नई प्रदेश कार्यकारिणी पर पार्टी में घमासान, बोले- आपराधिक रिकॉर्ड वाले को बनाया उपाध्यक्ष; हेमंत खंडेलवाल को लिखा पत्र
Tuesday, Apr 14, 2026-11:46 AM (IST)
भोपालः प्रदेश भाजपा ने पांच साल बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित की है, लेकिन इसे लेकर पार्टी के अंदर विवाद शुरू हो गया है। विवाद की मुख्य वजह यह है कि कुछ ऐसे लोगों को बड़े पद दिए गए हैं जो तय उम्र सीमा से ज्यादा हैं या जिनका आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। इस मामले पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता नाराज़ हैं और उन्होंने अपनी आपत्ति संगठन के सामने रखी है। पूर्व मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव ने भी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखकर शिकायत की है। उन्होंने धार से उपाध्यक्ष बनाए गए जय सूर्या समेत कई नामों पर सवाल उठाए हैं।
पूर्व मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को शिकायत में बताया गया कि कुछ समय पहले उन्होंने एक बयान दिया था। जिसमें उन्होंने अपने कामकाज की जानकारी पार्टी को दे दी है। उन्होंने कहा कि वे पिछले ढाई साल से जिले और विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नहीं रहे और उनके खिलाफ कुछ आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। अब आगे क्या करना है, इसका फैसला पार्टी करेगी। दत्तीगांव के अलावा कई वरिष्ठ नेताओं ने हेमंत खंडेलवाल के प्रति अपनी व्यक्तिगत नाराजगी भी जताई है।
वहीं, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि जय सूर्या जिला अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। दत्तीगांव पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, इसलिए उनकी शिकायत को पार्टी के शीर्ष नेता देखेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बनाए गए सभी पदाधिकारी 35 साल या उससे कम उम्र के हैं।

