सरपंच समेत पूरी पंचायत के पंचों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, मचा हड़कंप
Wednesday, Jun 10, 2026-11:05 AM (IST)
CG desk: छत्तीसगढ़ राज्य के कबीरधाम जिले में से एक चौंकानें वाला मामला सामने आया है। जहां ग्राम पंचायत रैतापारा के सरपंच समेत पूरी पंचायत के पंचों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है। सरकारी भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया है। सभी ने कलेक्टर के नाम अपना सामूहिक इस्तीफा दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत रैतापारा के सरपंच शेषनारायण चंद्रवंशी समेत पूरी पंचायत के पंचों ने सामूहिक इस्तीफे का ऐलान कर दिया है।
जिसमें पंच अयोध्या चंद्रवंशी, सरोजनी, शकुन, शिवराम, चमेली, सीता सहित अन्य पंचों के नाम शामिल है। उनका कहना है कि गांव में सरकारी जमीनों और स्कूल की भूमि पर धड़ल्ले से अवैध कब्जे हो रहे है। लेकिन, जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जनप्रतिनिधियों ने दोटूक कहा है कि या तो प्रशासन उनका इस्तीफा स्वीकार करे या फिर तत्काल प्रभाव से गांव की जमीनों से अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई करे।

चौंकाने वाली बात यह है कि तहसीलदार द्वारा बेदखली का आदेश जारी किया गया था। इसके बावजूद जब वास्तविक रूप से अतिक्रमण हटाने की बारी आई तो प्रशासन ने अपने हाथ खींच लिए। आरोप है कि तहसीलदार द्वारा मांगी गई पुलिस बल की मांग को ठुकरा दिया गया। वहीं, तय तारीख पर फोर्स उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके चलते बेदखली की पूरी कार्रवाई ठप हो गई। अब देखना यह होगा कि प्रशासन उनका इस्तीफा स्वीकार करेगा या फिर अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई करेगा।

