डबरा: व्यापारियों ने नहीं माना आदेश, मंडी प्रशासन ने नोटिस जारी कर मंडी खरीद पत्रक पर लगाई रोक

12/8/2022 12:46:41 PM

डबरा(भरत रावत): कृषि उपज मंडी डबरा प्रदेश की टॉप 10 मंडियों में सुमार होते हुए भी बिचौलियों का बोलबाला है। इसी को लेकर निरंतर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता कृष्णा देवी कृषि उपज मंडी प्रबंधन से किसानों के हित में मंडी एक्ट का पालन कराने के लिए संघर्षरत है जिसको लेकर अनुविभागीय अधिकारी के साथ बैठक कर डबरा एसडीएम निर्देश पर मंडी समिति ने फसल खरीदी को लेकर आदेश जारी करते हुए फसल खरीदी सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। वहीं पर कृषि उपज मंडी समिति डबरा के जिन व्यापारियों ने मंडी प्रशासन का आदेश नहीं माना है। उन व्यापारियों के खिलाफ अब मंडी प्रशासन नोटिस जारी कर कार्यवाही करने के मूड में हैं।

जानकारी देते हुए कृषि उपज मंडी समिति के सचिव कुंज बिहारी शर्मा ने बताया है कि जिन व्यापारियों ने सुबह 8 बजे से डाक बोली प्रारंभ ना करते हुए सुबह 6 से 7 के बीच में डाक बोली कर किसानों से फसल खरीदी की है। उन्हें चिन्हित कर जल्द ही कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे व दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कठोर कार्यवाही भी की जाएगी।

आपको बता दें कि सर्दियों के मौसम को देखते हुए मंडी प्रशासन ने समस्त व्यापारियों को आदेश जारी किया था कि मंडी में किसानों से फसल खरीदी सुबह 8 बजे से पहले प्रारंभ नहीं की जाएगी। उसके बाद भी मंडी में पहुंचे कुछ व्यापारियों ने सुबह 6 बजे से ही किसानों से मोलभाव कर फसल खरीदी कर ली थी एवं मंडी के आदेश का उल्लंघन किया था। अब ऐसे ही व्यापारियों और विचौलियों को मंडी प्रशासन चिन्हित कर उन पर कार्रवाई करने का मन बना रहा है। गौरतलब है कि डबरा कृषि उपज मंडी में व्यापारियों की मनमर्जी का यह पहला मामला नहीं है। मंडी के व्यापारी कई बार इस तरह की मनमानियां करते हुए पाए गए हैं।

meena

This news is Content Writer meena