महिला ने बस स्टैंड पर दिया बच्चे को जन्म, मदद की बजाय लोग बना रहे थे विडियो

7/22/2019 1:33:16 PM

दमोह(इम्तियाज़ चिश्ती): दमोह के नोहटा इलाके के गोला पट्टी गांव की महिला ने बस स्टैंड पर ही एक बच्चे को जन्म दे दिया। महिला पिछले दो दिन से दमोह अस्पताल में दाखिल थी लेकिन बिना अस्पताल प्रबधंन को जानकारी दिए ही अपनी मां के साथ वहां से आ गई। तभी बस स्टैंड पर ही उसकी डिलीवरी हो गई। हैरानी की बात यह रही कि बस स्टेंड पर मौजूद यात्री महिला की मदद करने की बजाय प्रसव का वीडियो बनाते रहे। इस बीच किसी यात्री ने डायल 108 को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची और महिला को अस्पताल ले गईं। नवजात और बच्चो की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।



जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब आठ बजे की है। बस स्टैंड पर गोला पट्टी गांव की रहने वाली महिला पन्ना जाने वाली बस के लिए खड़ी थी। तभी उनको अचानक लेबर पेन होने लगा महिला के साथ आई उनकी मां बस में सामान रख रही थी। इसी बीच गर्भवती अचानक जमीन पर बैठ गई और उसने एक बच्चे को जन्म दे दिया। लेकिन बस स्टेंड पर मौजूद महिलाओं और अन्य यात्रियों ने उनकी मदद करने की बजाय वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस बीच किसी बुजुर्ग ने लोगों को डांटते हुए महिला की मदद करने कहा तब जाकर एक महिला प्रसूता और उसके साथ मौजूद महिला की मदद करने पहुंची।
 



गनीमत रही कि डिलीवरी ज़िला अस्पताल के पास ही बस स्टैंड पर हो गई और वक़्त पर जननी एक्सप्रेस पहुंच गई जिससे जच्चा बच्चा सुरक्षित हैं ।

 

meena

This news is Edited By meena