धार में प्याज चुराकर भाग रहे चोरों ने की फायरिंग, पिता- पुत्र की मौत

4/7/2020 1:31:12 PM

धार: मध्य प्रदेश में धार जिले के अमोदिया गांव में चोरों ने खुलेआम फायरिंग कर दो लोगों की हत्या कर दी। चोर प्याज चुरा कर भाग रहे थे, इसकी जानकारी ग्रामीणों को हो गई। ग्रामीणों ने चोरों का पीछा करना शुरू किया तो चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। वारदात के बाद गांव में कोहराम मच गया।

दौलतराम नामक व्यक्ति के घर से चोर देर रात को प्याज की बोरियां चुरा रहे थे। इस दौरान उसकी नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। जिसके बाद लोग जमा हो गए और चोरों का पीछा करना शुरू किया। दौलतराम का बेटा बबलू भी चोरों के पीछे भागा, लेकिन चोरों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली बबलू को लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दौलतराम को भी गोली लगी। जिसके बाद उसे शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे इंदौर रैफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं हरिराम नामक एक व्यक्ति भी गंभीर तौर पर घायल हो गया। बबलू और दौलतराम की मौत के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

वहीं ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरों की संख्या दस से भी ज्यादा थी और सभी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना पर राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। साथ ही दो लोगों की हत्या के आरोपियों की भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News