भोपाल में भाजपा विधायक के बंद सरकारी बंगले में चोरी, एक्टिवा-सिलेंडर और नल की टोंटियां ले गए चोर
Saturday, Oct 03, 2026-01:05 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में वीआईपी इलाके में स्थित एक सरकारी आवास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाली चोरी की घटना सामने आई है। 45 बंगले इलाके में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के शासकीय आवास को चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि विधायक का यह बंगला जुलाई से बंद था। चोरी की वारदात का पता उस समय चला, जब 30 तारीख को बंगले की देखरेख के लिए कुछ लोग वहां पहुंचे। आवास के भीतर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। स्थिति देखकर चोरी होने की आशंका हुई और जांच करने पर कई सामान गायब मिले।
एक्टिवा और गैस सिलेंडर गायब
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चोर सरकारी आवास से एक एक्टिवा स्कूटर और दो घरेलू गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने सिर्फ बड़े सामान पर ही हाथ साफ नहीं किया, बल्कि बंगले में लगी नल की टोंटियों को भी तोड़कर निकाल लिया।
घटना से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने बंद पड़े आवास की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि चोरी किस समय हुई और इसमें कितने लोग शामिल थे, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
भतीजे की शिकायत पर केस दर्ज
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। विधायक के भतीजे की शिकायत के आधार पर टीटी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोर किस रास्ते से बंगले में दाखिल हुए और चोरी के बाद किस दिशा में गए।
बंद सरकारी आवासों की सुरक्षा पर सवाल
घटना राजधानी के ऐसे इलाके में हुई है, जहां कई महत्वपूर्ण लोगों के सरकारी आवास मौजूद हैं। ऐसे में लंबे समय से बंद पड़े सरकारी बंगलों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा कि वारदात में स्थानीय चोरों का हाथ है या किसी गिरोह ने सुनियोजित तरीके से बंद आवास को निशाना बनाया। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

