दिग्विजय की जीत के लिए साधु-संतों ने रमाई धूनी, की विशेष पूजा

5/7/2019 2:33:58 PM

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज इस संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह की जीत की कामना को लेकर कंप्यूटर बाबा की अगुवाई में सैंकड़ों साधु-संतों ने हवन पूजन शुरु किया। कार्यक्रम में विशेष पूजा अर्चना के लिए दिग्विजय स्वयं भी अपनी पत्नी अमृता राय के साथ पहुंचे और हवन किया।इस मौके पर कंप्यूटर बाबा ने कहा कि ये धर्मयुद्ध है और इसमें धर्म दिग्विजय के साथ है। सैंकड़ों साधु संत हठयोग के साथ कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय की जीत के लिए साधना कर रहे हैं। 



मंगलवार की सुबह भोपाल में दिग्विजय सिंह के समर्थन में साधु-संतों ने धुनी रमाई, जहां दिग्जिवय सिंह, पत्नी अमृता सिंह के साथ पूजा और हवन करते नजर आए। वहीं अपनी हठ साधना पर कंप्यूटर बाबा का दो टूक कहना है कि भाजपा सरकार ने पांच साल में राम मंदिर नहीं बनाया। इसलिए अब राम मंदिर नहीं, तो मोदी नहीं। उनके नेतृत्व में हजारों साधु दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हठ योग कर रहे हैं।



वहीं पूजास्थल के पास ही एक बोर्ड भी लगा हुआ है। इस बोर्ड पर लिखा है- दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हजारों संतों का हठयोग। कंप्यूटर बाबा ने कहा है कि 7 से 9 मई तक भोपाल में देशभर के साधु-संत दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हठ योग करेंगे। इसके बाद रोड शो करके उन्हें जिताने की अपील करेंगे। कंप्यूटर बाबा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस 15 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।



कंप्यूटर बाबा ने बीजेपी प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर पर आक्रामक होते हुए कहा कि साधू का वेश रखकर जिस प्रकार रावण ने सीता का हरण किया था, कुछ वैसा ही करने साध्वी का वेश रखकर प्रज्ञा ठाकुर भोपाल से चुनाव लड़ने आई हैं।



कंप्यूटर बाबा ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें शकुनी कहा है। उन्होंने कहा बीजेपी शिवराज सिंह अपने आपको लोगों का मामा कहते हैं, सच्चाई में वे शकुनी मामा हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह को सच्चा नर्मदा भक्त बताते हुए कहा कि उन्होंने सही में नर्मदा परिक्रमा की है। बीजेपी सरकार ने तो छलावा ही किया था। हम नर्मदा यात्रा करने वाले दिग्विजय सिंह के साथ है जेल यात्रा करने वालों के साथ नहीं।

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR