महिला समूह के नाम पर लोन निकालने के आरोप में तीन गिरफ्तार, ऐसे हुआ खुलासा

7/6/2022 2:18:14 PM

गरियाबंद (सतेंद्र शर्मा): गरियाबंद में महिला समूह के नाम पर लोन निकालने वाले निजी बैंककर्मी समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। देवभोग में संचालित एक प्राइवेट बैंक के कर्मी सुनील कुमार निषाद और इंद्र कुमार उपाध्याय ने धुरवापारा समेत 11 गांव के 32 महिला समूह के नाम पर लोन पास करवाया। फिर धुरवापारा उप सरपंच दुर्योधन सोनवानी के साथ मिल लोन के नाम पर पास हुए रकम 11लाख 50 हजार 290 रुपये का गबन कर लिया।

अंगूठा लगवाकर निकाली राशि 

देवभोग थाना प्रभारी बोधन लाल ने बताया कि आरोपियों ने नवंबर 2020 से सितम्बर 2021 तक जरूरी दस्तावेज में महिला समूह के अंगूठे लगवाकर सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया और बैंक को इसकी भनक तक नहीं लगी। समूहों ने लोन के लिए दोबारा चक्कर लगाए। तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। बैंक मैनेजर की शिकायत पर देवभोग थाना पूलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना का मामला दर्ज किया है। 15 हजार नगद और एक बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयार कर रही है। 

 

Devendra Singh

This news is News Editor Devendra Singh