गौठान से जबरन ले गए साढ़े तीन सौ गौवंश! समिति ने थाने में जताई गौ तस्करी की आशंका

9/7/2022 7:51:32 PM

रायगढ़ (पुनीराम रजक) रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगे नगर निगम के संबलपुरी शहरी गौठान से करीब 350 गौवंश को चोरी छिपे ले जाने का मामला सामने आया है। गौठान संचालन के लिए बनाई गई गौ माता मित्र समिति ने गौ तस्करी की आशंका जताते हुए मामले की शिकायत चक्रधरनगर में की है। हालांकि महापौर जानकी काटजू का कहना है कि गौवंशों की संख्या अधिक होने के चलते देखभाल में परेशानी को देखते हुए उन्हें अन्य गौठानों में शिफ्ट किया जा रहा था। मामला उजागर होने के बाद लोग गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

दरअसल, नगरनिगम रायगढ़ शहर से बाहर संबलपुरी में शहरी गौठान का संचालन करता है। गौठान में बड़ी संख्या में गायों को रखा गया है। बताया जाता है कि मंगलवार की रात निगम के कुछ कर्मचारियों ने गोठान में तैनात कर्मचारियों को धमका कर गौवंशों को बाहर निकाला और ले जाने लगे। कर्मचारियों ने गौ मित्र सेवा समिति को इसकी सूचना दी जिसके बाद समिति सदस्य वहां पहुंचे। बताया गया कि 350 से अधिक गौवंशों को कुछ लोगों द्वारा जबरन गोठान से लैलूंगा ले जाया गया है। खास बात ये है कि गौठान का संचालन करने वाली गौ मित्र सेवा समिति को भी इसकी सूचना नहीं दी गई।



मामले में समिति का कहना है कि गायों को बिना किसी सूचना के चोरी छिपे और पैदल ले कर जाना कई संदेहों को जन्म देता है। ये पशु क्रूरता की श्रेणी में भी आता है। समिति ने चक्रधऱ नगर थाने में शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। इधर मामले में मेयर का कहना है गोठान में गायों की संख्या अधिक होने की वजह से उनके देखभाल व खानपान में परेशानी हो रही थी। लिहाजा पशुओं को दूसरे गोठान में शिफ्ट किया जा रहा था। मेयर का कहना है कि शिफ्टिंग की विधिवत अनुमति भी निगम ने ली है। मामले में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है।

meena

This news is Content Writer meena