काली पट्टी बांधकर विधानसभा में जुटे कांग्रेसी, जनता के बीच ले जाएंगे ‘अविश्वास’ प्रस्ताव

6/27/2018 4:37:18 PM

भोपाल: विधानसभा का मानसून सत्र भारी हंगामे की वजह से दो दिन में ही समाप्त होने के बाद कांग्रेस ने विधानसभा में बुधवार से जनता दरबार शुरू कर दिया है। अब कांग्रेस विधायक जनता के बीच सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर जाएंगे। आज सुबह 11:30 बजे कांग्रेस विधायक काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे। विधानसभा परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया गया। कड़ी जांच पड़ताल के बाद विधायकों को विधानसभा में प्रवेश मिला। “हिसाब दो-हिसाब दो” के नारे लगाकर कांग्रेस विधायकों ने सरकार से 5 साल का हिसाब मांगा। कांग्रेस विधानसभा के सामने अगले तीन दिन तक जनसभा करेगी।

जनता को बताएंगे चर्चा से क्यों भागी सरकार
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा न करने पर कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश भर में जनता के बीच जनसभा की जाएगी।इसमें सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा कर उनके घोटालों को उजागर किया जाएगा। 29 जून 2018 के बाद सभी कांग्रेस विधायक, कांग्रेस नेता जनता के पास जाएंगे और भाजपा के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को षडयंत्रकारी तरीके से विधानसभा में चर्चा करने से रोकने की कहानी बताएंगे।

अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे
कांग्रेस ने अविश्वास प्रस्ताव में 45 से अधिक बिंदुओं पर सरकार पर आरोप लगाए हैं, जिनमे महिला अपराध, बेरोजगार, किसानों के मुद्दे, सिंघस्थ घोटाला, ई टेंडरिंग घोटाला, मनरेगा में भ्रष्टाचार, अवैध उत्खनन,कर्मचारी विरोधी नीतिया, विद्युत शुल्क चोरी घोटाला, प्रधानमंत्री आवास योजना में भी गड़बड़ी, स्वच्छ भारत मिशन में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे शामिल हैं।

 

suman

This news is suman