करंट लगाकर किया बाघ का शिकार, 3 आरोपी गिरफ्तार

5/14/2019 4:28:51 PM

सतना: प्रदेश में बाघों के शिकार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। ताजा मामला मझगवां वन रेंज की अमिरती बीट का है जहां शिकारियों ने करंट लगाकर तीन साल के एक बाघ का शिकार किया है। पुलिस कार्रवाई करते हुए तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया है। जहां पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि सांभर, चीतल जैसे छोटे जानवर के शिकार के लिए उन्होंने नाले में करंट फैलाया था। लेकिन बाघ की मौत हो गई।



कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रविवार रात साढ़े 8 बजे नाले में करंट फैलाया था। जब रात तकरीबन सवा 11 बजे बाघ पानी पीने के लिए नाले पर पहुंचा। करंट लगते ही उसने जोर की दहाड़ मारी और वहीं पर गिर गया। दहाड़ से घबराकर शिकारी भाग गए। उधर, नर्सरी में मौजूद गश्ती चौकीदारों ने जब रात में सर्च शुरू की तो बाघ का शव नाले के पास मिला। सोमवार को सरभंगा नर्सरी में वन अधिकारियों की मौजूदगी में टाइगर का पोस्टमार्टम कराया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR