आज आ सकता है बेहमई हत्याकांड का फैसला, फूलन देवी का है MP से खास रिश्ता

1/6/2020 10:36:08 AM

भोपाल: आज देशभर में चर्चित बेहमई सामूहिक हत्याकांड का फैसला आने की संभावना है। इस हत्याकांड में 38 साल पहले डकैत फूलन देवी गिरोह ने 20 लोगों को लाइन में खड़ा कर गोली मार दी थी। कानपुर देहात के बेमहई कांड के फैसले को लेकर आज एक बार फिर से फूलन देवी का नाम सुर्खियों में है। उनका मध्य प्रदेश से खासा रिश्ता रहा है। हत्याकांड पर फिल्म भी बन चुकी है। इस मामले की सुनवाई 19 दिसंबर को पूरी हो गई थी। अदालत ने 6 जनवरी फैसले की तिथि तय की थी।



बता दें कि, मुख्य आरोपी पूर्व दस्यु सुंदरी फूलन देवी समेत 15 आरोपियों की मौत हो चुकी है। जिला शासकीय अधिवक्ता राजू पोरवाल ने बताया कि 14 फरवरी 1981 को दस्यु सुंदरी फूलन देवी के गिरोह ने बेहमई गांव में धावा बोलकर जगन्नाथ सिंह, तुलसीराम, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, लाल सिंह, रामाधार सिंह, वीरेंद्र सिंह, शिवराम सिंह, रामचंद्र सिंह, शिव बालक सिंह, नरेश सिंह, दशरथ सिंह, बनवारी सिंह, हिम्मत सिंह, हरिओम सिंह, हुकुम सिंह समेत 20 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।



दस्यु फूलन देवी का मध्य प्रदेश से गहरा रिश्ता रहा है। 25 जुलाई 2001 को जब दिल्ली स्थिति अपने आवास से बाहर निकल रहीं थी तभी शेर सिंह राणा ने गोली मार कर फूलन देवी की हत्या कर दी थी। उसकी हत्यारे शेर सिंह राणा ने छतरपुर जिले के एक पूर्व विधायक की बेटी ले शादी की थी।



इतना ही नहीं फूलन देवी ने 13 फरवरी 1983 को भिंड में सरेंडर किया था। जब फूलन देवी ने सरेंडर किया था तब मध्यप्रदेश के तत्कालीन सीएम अर्जुन सिंह मंच पर मौजूद थे। सीएम अर्जुन सिंह के सामने ही फूलन देवी ने आत्मसमर्पण कर जुर्म की दुनिया से दूरी बना ली थी। 
 

meena

This news is Edited By meena