राज्यसभा चुनाव नामांकन का आज आखिरी दिन, मध्य प्रदेश में भाजपा ने चार तो कांग्रेस ने की एक उम्मीदवार की घोषणा..

2/15/2024 10:51:20 AM

भोपाल। मध्य प्रदेश की पांच राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख है। भाजपा के चार और कांग्रेस के एक सदस्य की राज्यसभा जाने की संभावना प्रबल है। बुधवार को कांग्रेस ने अपना एक उम्मीदवार घोषित कर दिया है और भाजपा ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। कांग्रेस ने अशोक सिंह को कैंडिडेट घोषित किया है।


भाजपा के धर्मेंद्र प्रधान, डॉक्टर एल गुरुगन, कैलाश सोनी, अजय प्रताप सिंह, और कांग्रेस से राजमणि पटेल का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा। राज्यसभा चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी तक नामांकन जमा होंगे और 16 फरवरी को जांच होगी। 20 फरवरी तक नामांकन फॉर्म वापस लिए जा सकेंगे।

 

विधानसभा के 230 सदस्य मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे। 27 फरवरी को मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4  बजे तक कराया जाएगा। 5 बजे से मतगणना होगी और फिर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। भाजपा ने एल गुरुगन को फिर से उम्मीदवार बनाया है। वहीं अन्य तीन सीटों पर उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंशीलाल गुर्जर को उम्मीदवार घोषित किया है।

Himansh sharma

This news is Content Editor Himansh sharma