शपथ ग्रहण के समय ही कमलनाथ मंच से कर सकते हैं ये दो बड़े ऐलान

12/17/2018 12:18:24 PM

भोपाल: 15 सालों बाद आज कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। मध्यप्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं। सूत्रों से पता है कि, शपथ लेने के साथ ही कमलनाथ किसानों की कर्जमाफी और बेरोजगारों को रोजगार भत्ता देने जैसे बड़े वादों का एलान कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि, शपथ लेते ही कमलनाथ किसानों पर बकाया दो लाख रुपए तक के कर्ज माफी की घोषणा करेंगे। इसके अतिरिक्त करीब 23 लाख बेरोजगारों को 4000 रुपये प्रतिमाह भत्ता देने की भी घोषणा की जा सकती है। 


  
आपको बता दें कि, कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में दोनों बड़े वादों को शामिल किया है। लेकिन सरकार का सबसे बड़ा फोकस किसानों की कर्जमाफी पर ही होगा। आज मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही कमलनाथ को इस वचन को दस दिनों में पूरा करना एक बड़ी चुनौती होगी। इसके साथ ही शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ 615 करोड रुपए की लागत से तैयार नए मंत्रालय भवन एनेक्सी का लोकार्पण करेंगें। बता दें कि, एनेक्सी नए विधायकों के लिए बनाया गया सचिवालय है। इसमें नए मुख्यमंत्री के लिए पांचवीं मंजिल पर सिंहासन के जैसी कुर्सी रखी हुई है। इस कक्ष को बनाने में करीब 1 करोड़ का खर्च आया है। इसके साथ ही 40 हजार स्क्वेयर फीट में फैली एनेक्सी को बनाने में कुल 615 करोड़ की लागत आई है। माना जा रहा है कि एसा सचिवालय पूरे देश में नहीं होगा।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar