धनतेरस पर घर लाए थे नया ट्रैक्टर, वहीं बना बाप-बेटे का काल, भाजपा विधायक ने घटना पर जताया शोक
Monday, Nov 23, 2026-04:18 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के हथना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। खेत में ट्रैक्टर चलाते समय संतोष यादव और उनका बेटा ट्रैक्टर समेत कुएं में जा गिरे। हादसे में बेटे की मौत हो गई, जिसका शव रेस्क्यू टीम ने कुएं से बाहर निकाल लिया है, जबकि पिता संतोष यादव की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष यादव दिवाली/धनतेरस पर नया ट्रैक्टर खरीदकर लाए थे। घटना के समय खेत में पिता, बेटा और बेटी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि संतोष यादव अपने बेटे के साथ ट्रैक्टर पर सवार थे, तभी ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर तेज गति से आगे बढ़ा और करीब 3 से 4 फीट ऊंची कुएं की मुंडेर पर चढ़ते हुए पिता-पुत्र समेत कुएं में जा गिरा।

हादसे के दौरान पास में पानी का पंप चला रहे चचेरे भाई ने बच्चे को बचाने के लिए रस्सी कुएं में डाली। बच्चे ने रस्सी पकड़ भी ली थी, लेकिन रस्सी टूट जाने के कारण वह दोबारा कुएं में गिर गया। इसके बाद बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि पिता की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर विधायक ललिता यादव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल की जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मोनू भैया भी मौजूद रहे। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

