धमधा में दर्दनाक हादसा,निर्माणाधीन मकान की नींव धंसी, मिट्टी में दबकर दो मजदूरों की दर्दनाक मौत
Friday, Nov 14, 2025-07:28 PM (IST)
धमधा। (हेमंत पाल): छत्तीसगढ़ के धमधा क्षेत्र के हिरेतरा गांव में शुक्रवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। नए मकान की नींव खुदाई के दौरान अचानक कच्चा मकान का पूरा हिस्सा ढह गया और देखते ही देखते दो मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के चश्मदीद बोले धड़ से आवाज आई और सब खत्म हो गया…
घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, खुदाई का काम चलते समय पास के पुराने कच्चे घर की दीवार में पहले हल्की दरारें दिखीं, लेकिन कुछ ही पलों बाद दीवार जोरदार आवाज के साथ नीचे गिर गई। गांव के लोग तुरंत मौके पर दौड़े, मगर तब तक दोनों मजदूर मलबे में समा चुके थे।
ग्रामीणों ने बताया कि मिट्टी इतनी भारी मात्रा में गिरी कि मजदूरों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मृत मजदूरों की पहचान
हालात को देखते हुए ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस बुलवाई। जिनकी पहचान इस प्रकार हुई:
ईश्वरी गायकवाड़ (पेन्ड्रावन निवासी)
कमल नारायण ठाकुर (पेन्ड्रावन निवासी)
दोनों मजदूर रोज़ी-मज़दूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया।
अस्पताल पहुंचते ही मौत, दूसरा रास्ते में दम तोड़ गया
एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लाया गया।
कमल नारायण ठाकुर की हालत देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं ईश्वरी गायकवाड़ को गंभीर चोटों के चलते दुर्ग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों ने बताया कि दोनों के सिर और सीने पर भारी मलबा गिरा था, जिससे उनकी जान बचाना मुश्किल था।
निर्माण स्थल पर सुरक्षा सवालों के घेरे में
बताया जा रहा है कि जिस निर्माण स्थल पर खुदाई हो रही थी, उसके ठीक बगल में बना कच्चा मकान काफी जर्जर हालत में था। ग्रामीणों का कहना है कि दीवार बहुत पुरानी थी और खुदाई के दौरान गिरने का खतरा पहले से था। सुरक्षित दूरी रखी जानी चाहिए थी।
यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई
धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का मुआयना किया।
मर्ग कायम कर लिया गया है दीवार गिरने के कारणों खुदाई की गहराई
और सुरक्षा उपायों की जांच की जा रही है
दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।
गांव में पसरा मातम
जैसे ही मृतकों की खबर गांव में पहुंची, परिवारों में चीख-पुकार मच गई। गांव में शोक का वातावरण है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि
मृतकों के परिवारों को सहायता राशि दी जाए और निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू कराया जाए।

