छतरपुर में आदिवासी महिला से छेड़छाड़! विरोध करने पर कुल्हाड़ी से हमला, हालत गंभीर
Wednesday, Feb 25, 2026-05:02 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के बाजना थाना क्षेत्र के बरानान गांव में एक 32 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पीड़िता आदिवासी (32) ने आरोप लगाया कि वह अपने घर से जंगल की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही नारायण प्रजापति और उसका बेटा सुरेश प्रजापति ने रास्ते में उसे रोक लिया। महिला का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया और खुद को छुड़ाकर भागने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजनों की मदद से घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
मामले में बाजना थाना प्रभारी अयोध्या प्रसाद ने बताया कि पीड़िता और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते नारायण प्रजापति और उसके बेटे सुरेश प्रजापति ने महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115 और 351 (2-3-5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की जा सकती है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

