दो बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल; ये वजह आई सामने
Thursday, Apr 16, 2026-04:47 PM (IST)
मुरैना (रोहित शर्मा): एमपी के मुरैना जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। जिसमें दो यात्री बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घटना में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। मौके पर यात्रियों में चीख-पुकार मची है। सूचना पर पहुंची पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना दिमनी थाना क्षेत्र के रतिरामपुरा टोल प्लाजा के पास हुई हैं। जहां अंबाह से यात्रियों को लेकर मुरैना आ रही बस और सामने से आ रही दूसरी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना इतनी भयानक थी कि दोनों बसों में सवार करीब डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। मौके पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
आनन-फानन में सभी घायलों को 112 डायल पुलिस के द्वारा अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में रखा गया है। हादसे की वजह बस चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। वहीं, दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। जेसीबी मशीन की मदद से बसों को किनारे कर हटाया गया और यातायात को बहाल किया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

