दिवाली से पहले इस जिले में दो दिन बंद रहेंगे स्कूल, इस वजह से अचानक लेना पड़ा फैसला
Wednesday, Nov 04, 2026-04:14 PM (IST)
डेस्क : त्योहारी सीजन शुरु हो चुका है। हर तरफ दिवाली की धूम है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा-मरवाही जिले में अचानक छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। दिवाली से पहले अचानक स्कूलों में छुट्टी करने की एक बड़ी वजह सामने आई है। बताया जा रहा है कि हाथियों के आतंक की वजह से यह फैसला लिया गया है। हाथियों ने पूरे इलाके में दहशत फैला रखी है और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में एहतियात के तौर पर बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, गौरेला पेंड्रा मरवाही के कुछ इलाकों में 62 हाथियों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा रखा है। बताया जा रहा है कि हाथियों के इस झुंड ने नाका, मटियाडांड, रूमगा और दानीकुंडी क्षेत्र में सारी फसले तहस नहस कर दी है और लोगों के घरों पर भी हमला किया है। वन विभाग का अमला लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए हैं। वन विभाग ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे जंगलों और हाथियों के मूवमेंट वाले इलाकों में सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। लोगों में दहशत है और सुरक्षा के लिहाज से आवाजाही कम कर रहे हैं। ऐसे में स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।
दो दिन की छुट्टी का ऐलान
हाथियों की दहशत के चलते बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने जिले के 9 स्कूलों में दो दिन छुट्टी की घोषणा की है। यानी 4 और 5 नवंबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे। इस संबंध में DEO के निर्देश पर BEO ने आदेश भी जारी कर दिया है।

