चुनाव ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिसकर्मी हादसे का शिकार, प्रधान आरक्षक की हालत गंभीर
Monday, Sep 28, 2026-03:06 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिसकर्मी सड़क हादसे में घायल हो गए। घटना नौगांव-छतरपुर मार्ग पर मऊ-सहानियां के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में नौगांव थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक गोविंददास अहिरवार (बिल्ला नंबर 167) और आरक्षक धर्मवीर गुर्जर घायल हुए हैं। प्रधान आरक्षक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि आरक्षक धर्मवीर गुर्जर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुकवाहा में होने वाले उपचुनाव में लगाई गई थी। दोनों बाइक से नौगांव से छतरपुर की ओर चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे थे। प्रधान आरक्षक गोविंददास अहिरवार बाइक चला रहे थे, जबकि आरक्षक धर्मवीर गुर्जर पीछे राइफल लेकर बैठे थे।

सामने से आ रही बाइक से हुई टक्कर
पुलिस के अनुसार मऊ-सहानियां के पास छतरपुर की ओर से नौगांव जा रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर एक युवक और एक युवती के सवार होने की जानकारी सामने आई है। टक्कर के बाद दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल पुलिसकर्मियों को उठाकर निजी वाहन से छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से चले गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

एसपी बोले- ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि दोनों आरक्षक चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे थे और ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हुए हैं। एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि दूसरे घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। वहीं सिटी कोतवाली टीआई सतीश सिंह भी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना।

