Punjab Kesari MP ads

बड़ा एक्शन! हेड कांस्टेबल समेत 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर गिरी गाज

Saturday, Apr 04, 2026-12:31 PM (IST)

गुना/मकसूदनगढ़ (गौरव शर्मा) : गुना जिले के मधुसूदनगढ़ थाने में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां चोरी के संदेह में हिरासत में लिया गया एक आरोपी रात के अंधेरे में लॉकअप का दरवाजा खोलकर रफूचक्कर हो गया। जिस वक्त आरोपी फरार हुआ, उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी गहरी नींद में सो रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक हेड कांस्टेबल और दो आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है।

PunjabKesari

रात 3:30 बजे की घटना, सुबह खुली नींद तो उड़े होश

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गुरुवार शाम को दिनेश भील (पुत्र मेहरबान सिंह) निवासी मधुसूदनगढ़ को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। उसे थाने के लॉकअप में रखा गया था। रात के समय उसकी निगरानी के लिए एक हेड कांस्टेबल और दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि रात करीब 3:30 बजे आरोपी दिनेश बड़ी आसानी से लॉकअप से बाहर निकला और थाने से भाग निकला। सुबह जब पुलिसकर्मियों की नींद खुली और लॉकअप खाली देखा, तो उनके हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।

PunjabKesari

सोते मिले सुरक्षाकर्मी, गिरी गाज

शुरुआती जांच में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भारी लापरवाही पाई गई है। एएसपी मानसिंह ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निम्नलिखित पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है

1. नरेंद्र दुबे (हेड कांस्टेबल/दीवान)
2. रंजीत खटीक (आरक्षक)
3. विनीत मौर्य (आरक्षक)

मानसिंह ठाकुर, ASP, गुना के मुताबिक,"मधुसूदनगढ़ थाने से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीमें गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।"

आरोपी की तलाश में दबिश जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी दिनेश भील की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घर पर दबिश दे रही है। हालांकि, लॉकअप का दरवाजा कैसे खुला और आरोपी इतनी आसानी से कैसे बाहर निकल गया, यह अभी भी जांच का विषय बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News