बीच सड़क जन्मदिन मना रहे लड़कों को टोकना पड़ा भारी, जानलेवा हमले में बुजुर्ग की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया प्रदर्शन
Wednesday, Feb 19, 2025-08:36 PM (IST)

उज्जैन (विशाल सिंह) : उज्जैन में जन्मदिन मनाने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की जान चली गई। घटना करीब 19 दिन पहले की है जहां सड़क पर जन्मदिन मना रहे कुछ बदमाशों को गौड़ परिवार के लोगों ने रोका बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में 5 लोग घायल हुए थे। मंगलवार रात को घायलों में से एक 59 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। आक्रोश में परिवार के लोगों ने बुधवार सुबह शव पुलिस कंट्रोल रूम और सीएम कार्यालय पर रखकर प्रदर्शन किया और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना 31 जनवरी की है। जहां देसाई नगर में रहने वाला स्वयं त्रिपाठी अपने दोस्तों के साथ सड़क पर डीजे की धुन पर जन्मदिन मना रहे था। इस दौरान कुछ गौड़ परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया। इसमें जोगेंद्र सिंह गौड़ ने डीजे की आवाज कम करने को कहा। जिस पर स्वयं और उसके साथी विवाद करने लगे। जोगेंद्र ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस पहुंचती इससे पहले स्वयं और उसके साथी जोगेंद्र के घर में घुस गए। उन्होंने लाठी, तलवार, चाकू और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में जोगेंद्र गौड़, विजय, गौड़, रोहित गौड़, सुमित गौड़ और अंकित गौड़ घायल हो गए। माधव नगर पुलिस ने स्वयं त्रिपाठी, तरूण गिरी, राज मेहता और जग्गू पासी सहित अन्य के खिलाफ पहले मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था।
हमले में 59 वर्षीय जोगेंद्र सिंह पर चाकू से वार किए गए थे। इसके बाद गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां मंगलवार रात को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित परिजनों ने आज सीएम बंगले और पुलिस कंट्रोल रूम पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।