Punjab Kesari MP ads

MP में SP का बड़ा एक्शन! 5 थानों के TI से सिपाही तक को मिली सजा, जानिए क्या है वजह

Wednesday, Nov 04, 2026-02:57 PM (IST)

उज्जैन। पुलिस थानों में आने वाली शिकायतों का समय पर निराकरण करना अब केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही का विषय बनता जा रहा है। मध्यप्रदेश के उज्जैन में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने ऐसा कदम उठाया है, जिसकी चर्चा पुलिस महकमे में हो रही है। शिकायतों के निपटारे में लापरवाही और खराब रैंकिंग के चलते पांच थानों के पूरे स्टाफ को परेड की सजा सुनाई गई है। इसमें थाना प्रभारी से लेकर आरक्षक तक शामिल हैं।

दरअसल, सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याओं और शिकायतों को पुलिस तक पहुंचाते हैं। इन शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निराकरण करना संबंधित थानों की जिम्मेदारी होती है। लेकिन उज्जैन के पांच थाने इस मामले में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। नतीजा यह हुआ कि इनकी रैंकिंग ए श्रेणी से नीचे खिसककर बी श्रेणी में पहुंच गई।

इन पांच थानों की रैंकिंग ने बढ़ाई अधिकारियों की चिंता

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में जिन पांच थानों का प्रदर्शन कमजोर पाया गया है, उनमें चिमनगंज थाना, अजाक थाना, कोतवाली थाना, खाराकुआं थाना और माधवनगर थाना शामिल हैं। इन थानों में कुछ शिकायतों का निराकरण जरूर किया गया, लेकिन कई मामले लंबित रहने के कारण रैंकिंग में सुधार नहीं हो सका।

खास बात यह है कि पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के लिए पहले ही पुलिस लाइन से अतिरिक्त इंस्पेक्टर उपलब्ध कराए थे। इसके बावजूद संबंधित थानों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं आया। वहीं, शहर के अधिकांश थाने ए श्रेणी में बने हुए हैं।

SP ने पूरे स्टाफ को बनाया जवाबदेह

लगातार कमजोर प्रदर्शन को देखते हुए एसपी प्रदीप शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने केवल थाना प्रभारियों को जिम्मेदार मानने के बजाय संबंधित थानों के पूरे स्टाफ को जवाबदेह ठहराया है। इसी के तहत पांचों थानों के टीआई, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परेड करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस फैसले का मकसद पुलिसकर्मियों को यह संदेश देना है कि आम जनता की शिकायतों को लंबित रखना और उनके निराकरण में लापरवाही बरतना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शुक्रवार को मैदान में उतरेगा पांच थानों का पूरा स्टाफ

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को चिमनगंज, अजाक, कोतवाली, खाराकुआं और माधवनगर थानों के पूरे स्टाफ की परेड कराई जाएगी। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा और उनके जल्द निराकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। अब देखना होगा कि परेड की इस सजा के बाद संबंधित थानों के कामकाज में कितना सुधार आता है और लंबित शिकायतों के निपटारे में पुलिस कितनी तेजी दिखाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News