उमा भारती ने कहा कि ''एक्सीडेंटल हिंदू'' थे जवाहरलाल नेहरू, पूर्व सीएम का दावा,- एमपी में 15 साल और रहेगी बीजेपी की सरकार

3/20/2022 7:33:31 PM

भिंड (योगेंद्र सिंह भदौरिया): हाल ही में भोपाल में शराब की दुकान पर पत्थर मारकर चर्चा बटोरने वाली मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती आज एक दिवसीय दौरे पर भिंड पहुंची। यहां पर उन्होंने लोधी बाहुल्य ग्राम दोनिया पुरा में आजादी की लड़ाई लड़ने वाली वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया और राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया भी उनके साथ मौजूद रहे। 

'एक्सीडेंटल हिंदू' थे जवाहरलाल नेहरू: उमा भारती   

मंच से बोलते हुए फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने एक बार फिर कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला। यही नहीं उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू खुद को एक्सीडेंटल हिंदू बताते थे। मीडिया से बात करते हुए जब उनसे पंजाब की हार के मंथन के बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि पंजाब में कभी भाजपा की सरकार रही ही नहीं, भाजपा अकाली दल के साथ मिलकर सरकार में रहती थी। उन्होंने कहा मंथन तो अकाली दल और कांग्रेस को करना चाहिए। यह जरूर है कि अगली बार पंजाब में भाजपा सरकार बनेगी।

एमपी में 15 साल और रहेगी बीजेपी सरकार: उमा भारती   

वहीं मध्य प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर उमा भारती ने दावा किया कि आगामी 15 साल तक यहां पर भाजपा ही सरकार बनाएगी। मेहगांव विधानसभा के गोरमी क्षेत्र के दोनियापुरा गांव में मूर्ति का अनावरण करने के बाद, उमा भारती लहार क्षेत्र में स्थित रावतपुरा सरकार धाम भी पहुंची।

लोधी समाज बाहुल्य इलाका है मेहगांव

मेहगांव विधानसभा के गोरमी क्षेत्र और अटेर विधानसभा के कुछ क्षेत्रों में लोधी समाज का बाहुल्य है। ऐसे में यहां पर उमा भारती का खासा दबदबा और हस्तक्षेप चुनावों में रहता है। उमा भारती अगर कैंडिडेट को जिताने के लिए यहां पर अपील करती हैं तो एक तरफा वोट कैंडिडेट्स को मिलता है। अगर उमा भारती नहीं आती तो स्थिति डांवाडोल जरूर रहती है। यही कारण रहा कि मंच पर मंत्री अरविंद सिंह और राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया दोनों ने ही उमा भारती की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े। 

Devendra Singh

This news is News Editor Devendra Singh