उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर पर उमा भारती का CM मोहन को पत्र, सड़क चौड़ीकरण को लेकर दिया बड़ा सुझाव
Thursday, Sep 10, 2026-03:40 PM (IST)
उज्जैन: प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर को लेकर अब पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इस मामले में ऐसा रास्ता निकालने की अपील की है, जिसमें विकास के साथ धार्मिक आस्था का भी सम्मान बना रहे।
10 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कहा है कि वे उज्जैन और वहां के धार्मिक स्थलों की गरिमा को सबसे बेहतर तरीके से समझते हैं। उन्होंने खड़े हनुमान मंदिर से जुड़े सड़क चौड़ीकरण के मामले में वैकल्पिक समाधान तलाशने की बात कही है।
उमा भारती ने अपने पत्र में भोपाल के कमलापति पार्क के पास सड़क चौड़ीकरण का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि उस समय सड़क का चौड़ीकरण करते हुए वहां मौजूद मस्जिद को बिना छुए सड़क का रास्ता निकाला गया था। इसी तरह उन्होंने सुझाव दिया कि उज्जैन में भी खड़े हनुमान मंदिर को यथास्थान रखते हुए सड़क निर्माण या चौड़ीकरण का वैकल्पिक रास्ता निकाला जा सकता है..
उमा भारती ने पत्र में स्पष्ट तौर पर विकास और आस्था, दोनों को साथ लेकर चलने की जरूरत पर जोर दिया है। उनका कहना है कि सड़क का नक्शा इस तरह तैयार किया जा सकता है कि विकास कार्य भी हो और धार्मिक स्थल की गरिमा भी बनी रहे।
अब उमा भारती के इस पत्र के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उज्जैन प्रशासन इस सुझाव पर क्या रुख अपनाते हैं, इस पर सबकी नजरें रहेंगी। क्या खड़े हनुमान मंदिर को यथास्थान रखते हुए सड़क का वैकल्पिक नक्शा तैयार किया जाएगा, या मौजूदा योजना के तहत ही आगे काम होगा, इसका फैसला अब सरकार के अगले कदम से साफ होगा। फिलहाल, उमा भारती की इस चिट्ठी ने उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर से जुड़े विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

