Punjab Kesari MP ads

MP में जल्द लागू हो सकती है समान नागरिक संहिता, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिए संकेत

Friday, Jun 19, 2026-01:16 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर दौरे पर पहुंचे हैं। सीएम मोहन ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन सत्र से पहले यूसीसी कानून लाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके लिए गठित समिति को जनता से व्यापक सुझाव मिल रहे हैं और सरकार हर हाल में इस बिल को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।

दरअसल, इंदौर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता उनकी सरकार का महत्वपूर्ण संकल्प है। उन्होंने कहा कि जब देश एक है तो अलग-अलग नागरिक कानूनों की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश भी उन राज्यों में शामिल होने जा रहा है जो यूसीसी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यूसीसी को लेकर गठित समिति लगातार प्रदेशभर से सुझाव प्राप्त कर रही है और अब तक लाखों लोगों ने अपने विचार साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न वर्गों के साथ-साथ मुस्लिम समाज से भी कई सकारात्मक सुझाव मिले हैं। डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि समाज के सभी वर्ग इस कानून की आवश्यकता को समझ रहे हैं और राज्य सरकार आगामी शीतकालीन सत्र से पहले यूसीसी विधेयक को पारित कराने का पूरा प्रयास करेगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News