सगाई किसी से विदाई किसी से का अनोखा मामला, दूल्हे के पिता ने कराया मामला दर्ज

2/3/2020 4:58:51 PM

भिंड: मध्यप्रदेश के भिंड में बेहद चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी बेटी की जगह किसी दूसरी लड़की से दूल्हे की शादी करवा दी। इससे पहले कि ठग लड़की दूल्हे के परिवार में जाकर शादी में दिए गहने और नकदी लूटती, लुटेरी दुल्हन का भेद खुल गया। जिसके बाद लड़के के पिता ने लड़की के पिता समेत 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवा दिया।



एक दम फिल्मी दिखने वाली इस कहानी की शुरूआत उस समय हुई जब 23 दिसंबर को भगवती तिवारी के बेटे रुपेन्द्र तिवारी की सगाई गोहद के चरथरपुरा निवासी परमाल की बेटी भावना के साथ तय हुई। शादी के दिन लड़की के पिता ने बड़ी चालाकी से योजना अनुसार, अपनी बेटी की जगह दूसरी लड़की के साथ दूल्हे के फेरे करवा दिए। 16 जनवरी को भगवती के बेटे रुपेन्द्र की शादी हो गई। दुल्हन बदलने का पता दूल्हे पक्ष को घर जाकर चला। लेकिन परिवार के लोग उस वक्त दंग रह गए जब उन्हें मालूम हुआ कि दुल्हन बनकर आई लड़की भावना नहीं बल्कि गंगा नाम की कोई दूसरी लड़की है।



जब दूल्हे के घरवालों ने डुप्लीकेट दुल्हन से पूछताछ की तो उसने बताया कि लड़की के पिता परमाल ने उसे दुल्हे के घर चोरी करने के लिए भेजा है और दूल्हे के घर से गहने और नगदी समेटकर ले आने को कहा है। दुल्हन बनी लड़की को इस काम के बदले लड़की के पिता मोटी रकम देने का वादा किया था। सारी कहानी सुनने के बाद दूल्हे के पिता ने गोहद थाने में लड़की के पिता समेत 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।

meena

This news is Edited By meena