गायब सुरेंद्र शेरा का वीडियो जारी, कांग्रेस ने कहा- विधायक खरीदने वालों की इज्जत सरेआम हो रही नीलाम
3/7/2020 9:39:59 AM
भोपाल: मध्य प्रदेश में चल रहे सियासी नाटक के बीच निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा का वीडियो सामने आया है। शुक्रवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है जिसमें मंगलवार रात से लापता निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने अपने गायब होने की वजह बताई है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा का वीडियो जारी करते हुए लिखा, 'विधायक खरीदने वालों की इज्जत सरेआम नीलाम हो रही है।'
निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा जी का वक्तव्य:
— MP Congress (@INCMP) March 6, 2020
कमलनाथ सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक श्री सुरेंद्र सिंह शेरा जी ने वीडियो संदेश से स्पष्ट किया है कि उनका समर्थन कमलनाथ जी के साथ पहले दिन से था, और हमेशा रहेगा।
—विधायक ख़रीदने वालों की इज़्ज़त सरेआम नीलाम हो रही है। pic.twitter.com/Tmudx5NxPT
एक मिनट के इस वीडियो में सुरेंद्र सिंह शेरा बोलते दिख रहे हैं कि मेरा समर्थन कांग्रेस और सूबे के मुख्यमंत्री कमलनाथ को है। 'मैं अपनी भांजी के घर से निकला हूं। रास्ते में मुझे 2 बार रोका गया और देरी कराई गई। इसके चलते मेरी फ्लाइट मिस हो गई। लिहाजा अब मैं रात की फ्लाइट से जाऊंगा। मैं शुरू से ही कांग्रेस के साथ हूं। इसमें कोई डाउट नहीं है। अभी भोपाल जा रहा हूं और साहब से मुलाकात करूंगा।'
आपको बता दें कि विपक्ष पर आरोप है कि मंगलवार रात को मध्य प्रदेश सरकार के कुल 10 विधायक गुड़गांव के होटल में बंधक बनाए लिए गए थे। इनमें निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा भी थे। बाकी के 6 विधायक वापस आ गए थे लेकिन 4 विधायक गायब बताए जा रहे हैं। इनमें बुरहानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा भी थे।