वीडियो वायरल : मरीज लगाते रहे गुहार, स्टाफ जन्मदिन मनाने में था मशगूल

7/10/2018 5:59:49 PM

बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल के वार्ड में जन्मदिन मनाते हुए महिला डॉक्टरों और नर्सों के दो वीडियो वायरल हुए हैं। इसमें एक मरीज के इलाज के लिए उसका परिजन गुहार लगाता भी सुनाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने पूरे घटनाक्रम की जांच का भरोसा दिया है। उन्होंने जिला अस्पताल में जन्मदिन के जश्न में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की बात कही है।

यह वायरल वीडियो 7 जुलाई के हैं। सारणी इलाके के श्रीराम यादव नामक व्यक्ति अपनी पत्नी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। उनका कहना है कि उन्हें अपनी पत्नी को डॉक्टर को दिखाने के लिए घंटे भर इंतजार करना पड़ा। इस बीच जब उनका बेटा अनिल डॉक्टर का पता लगाने अंदर पंहुचा, तो वहां जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसके बाद उन्हें पत्नी को निजी डॉक्टर को दिखाना पड़ा। आरोप यह भी है कि इस दौरान एक गर्भवती का पति भी उसकी पत्नी को देखे जाने की गुहार लगाता रहा। इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी की गयी है। अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में मनाई जा रही इस बर्थडे पार्टी के दौरान एक शख्स मोबाइल कैमरे के पीछे से गुहार लगाता भी सुनाई पड़ रहा है कि उसके मरीज को देखा जाए, लेकिन डॉक्टर केक काटने और खाने के साथ मस्ती में मगन दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो बना रहे युवक की महिला डॉक्टर से कहा सुनी भी इसमें दिखाई पड़ रही है। इसमें डॉक्टर गुहार लगा रहे शख्स  को चलता किये जाने का कह रही है। वीडियो वायरल होने बाद जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ अशोक बारंगा पांच दिन से छुट्टी पर बैतूल से बाहर हैं, इसलिए कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हालांकि वे सफाई दे रहे हैं कि जन्मदिन ओपीडी टाइम के बाद मनाया गया होगा। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि वीडियो बना रहा युवक डॉक्टरों से बदतमीजी कर रहा था। हालांकि युवक और उसकी मां ने इन आरोपों से इनकार किया है। घटना के बाद वहां मौजूद डॉक्टर ट्रेनिंग के लिए ग्वालियर चली गयी हैं। 

kamal

This news is kamal