धान खरीदी केंद्र में 3 पिकअप वाहन में भरे धान को ग्रामीणों ने पकड़ा, एसडीएम ने कहा करेंगे कार्रवाई

2/19/2022 11:51:07 AM

अम्बिकापुर (जय प्रकाश एक्का): छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी का समय गुजर चुका है। इसे बीते दो सप्ताह से ज्यादा का समय गुजर चुका है। बावजूद इसके एक ऐसे धान खरीदी केंद्र में पीछे के गेट से अवैध तरीके से धान को उतारा जा रहा है। सरगुजा के सीतापुर विकासखंड के बटईकेला महेशपुर धान खरीदी केंद्र में बीती रात 3 पिकअप वाहन में भरे धान को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

वाहन से धान को उतारने समय पकड़ लिया

ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि देर रात बटाईकेला के महेशपुर धान खरीदी केंद्र में धान खपाने की कोशिश की जा रही है। जिस सूचना पर ग्रामीण महेशपुर के धान खरीदी केंद्र पहुंचे और पिकअप वाहन से अनलोड हो रहे धान को पकड़ लिया और घटना की जानकारी प्रशासन को दी। वहीं ग्रामीणों ने सबूत के तौर पर इस घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।

इसे मामले में होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम 

भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के सह कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि धान खरीदी की तारीख को समाप्त हुए कई सप्ताह गुजर चुके हैं। लेकिन अवैध तरीके से धान खरीदी केंद्र में धान को खपाया जा रहा होगा। उन्होंने कहा कि मैं मांग करता हूं कि इस तरह के धान खरीदी केंद्रों के प्रबन्धकों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि दोबारा से धान की हेराफेरी ना हो सके। इधर ग्रामीणों से शिकायत मिलते ही सीतापुर एसडीएम ने कहा कि किसी भी धान खरीदी केंद्रों में इस तरीके से रात के समय धान नहीं उतारा जा सकता है, यह अवैध है। इसे लेकर अधिकारियों को निर्देश दे दिये हैं, इसकी जांच करवाकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। 

 

Devendra Singh

This news is News Editor Devendra Singh