BJP अध्यक्ष का पदभार संभालते ही बोले विष्णुदत्त शर्मा- प्रदेश में दिग्विजय सिंह के शासनकाल जैसे हालात

2/17/2020 4:54:16 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश में बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शासनकाल जैसे हालात हो गए हैं। बीजेपी के सामने कोई चुनौती नहीं है हम टीम स्प्रिट के साथ काम करते हैं। बीजेपी संगठन को प्रदेश में कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजियाराजे सिंधिया अटल बिहारी वाजपेयी और कैलाश जोशी जैसे नेताओं ने खड़ा किया है।

इससे पहले सोमवार दोपहर शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर से भोपाल(हबीबगंज) आए  विष्णुदत्त शर्मा का रेलवे स्टेशन पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत के लिए स्टेशन पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। शताब्दी एक्सप्रेस एवं अन्य ट्रेनों से हबीबगंज स्टेशन पर उतरे यात्रियों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। वहीं सात नंबर बीजेपी कार्यालय की ओर से स्टेशन जाने वाले यात्री ट्राफिक जाम में फंस गए। हालांकि कई यात्रियों ने भीड़ को देखते हुए ई-2 अरेरा कॉलोनी के अंदर से और गणेश मंदिर का चक्कर काटते हुए स्टेशन पहुंचे।

हबीबगंज स्टेशन से बीजेपी कार्यालय दीनदयाल परिसर का सफर विष्णुदत्त शर्मा के स्वागत जुलूस ने करीब एक घंटे में पूरा किया। बीजेपी कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नए बीजेपी अध्यक्ष का स्वागत किया। यहां पहुंचकर विष्णुदत्त शर्मा ने सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया।

विष्णुदत्त शर्मा जिस खुली जीप में सवार होकर स्टेशन से रवाना हुए थे उस पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की पुत्रवधू और गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक कृष्णा गौर भी थीं। विष्णुदत्त शर्मा लोकसभा चुनाव से पहले जब भोपाल संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ाने की चर्चा चली थी तब बाबूलाल गौर ने सख्त टिप्पणी देते हुए कहा था कि ये विष्णुदत्त शर्मा कौन है, मैं इसे नहीं जानता। उस समय विष्णुदत्त शर्मा का विरोध करने वाले नेता उनके अध्यक्ष बनते ही साये की तरह शर्मा के साथ नजर आए।

विद्यार्थी परिषद से शुरू किया राजनीतिक सफर

    वर्ष 1986-78 में विद्यार्थी परिषद में सक्रिय हुए।
    1993 से 1994 तक मध्य प्रदेश राज्य सचिव रहे।
    वर्ष 1995 से 2013 तक संगठन के प्रचारक रहे।
    2001 से 2007 तक एबीवीपी राज्य संगठन सचिव और क्षेत्रीय संगठन सचिव रहे।
    2007 से 2009 तक एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव रहे।
    वर्ष 2013 में बीजेपी में पूर्ण रूप से शामिल हुए।
    वर्ष 2013 से 2018 तक बीजेपी में प्रचारक रहे।
    अगस्त 2016 से प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
    2015 में नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपाध्यक्ष (केंद्र सरकार से राज्यमंत्री दर्जा) रहे।
    2019 में खजुराहो से लोकसभा सदस्य चुने गए।

 

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh