महिला प्रदर्शनकारियों ने लेडी IPS का कॉलर पकड़ा, ASI की कर दी पिटाई, रायपुर में उग्र हुआ पुलिस परिवार का आंदोलन

1/12/2022 4:04:20 PM

रायपुर (शिवम दुबे): छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस परिवार का आंदोलन हर दिन उग्र होता जा रहा है। सोमवार को इस आंदोलन में महिला प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर दिव्या शर्मा पर महिलाओं का झुंड टूट पड़ा। जिसके बाद सब इंस्पेक्टर के साथ महिला प्रदर्शनकारियों ने जमकर मारपीट की।  
 

जानकारी के अनुसार ये सभी महिलाएं सहायक आरक्षक अन्य पुलिसकर्मी परिवार की परिजन थीं। ये सभी अपनी मांगों को लेकर पिछले एक महीने से आंदोलन पर हैं। दरअसल सोमवार को रायपुर के भांटागांव में महिला प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुट गई। इसको नियंत्रण करने के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिस की तैनाती की गई। नारेबाजी के दौरान अचानक महिलाओं का झुंड पुलिस पर टूट पड़ा। इसमें आईपीएस रत्ना सिंह के कॉलर पकड़ने और दिव्य शर्मा के साथ मारपीट की घटना हुई।

20 लोगों पर हुई कार्रवाई....
फिलहाल पुलिस ने करीब 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मारपीट के बाद सब इंस्पेक्टर दिव्य शर्मा ने डीडी नगर थाने में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सहायक आरक्षक प्रमोशन और वेतन विसंगति को लेकर पुलिस परिवार आंदोलन पर है। इसमें सहायक आरक्षक, होमगार्ड स्तर के जवानों की पत्नियां थीं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सरकार पुलिस विभाग के सहायक आरक्षकों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। वेतन भत्ते में सुधार के साथ सरकार प्रमोशन देने जा रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गृह विभाग को इसके संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के लिए निर्देश दिया है।

Vikas Tiwari

This news is Content Writer Vikas Tiwari