नवरात्रे से पहले महिलाओं को मिलने जा रही बड़ी सौगात, सिंगल क्लिक से CM साय जारी करेंगे 32वीं किस्त
Thursday, Oct 08, 2026-03:09 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग जिले से प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। सीएम साय सिंगल क्लिक के जरिए महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी करेंगे। योजना के तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के बैंक खातों में 632 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मौजूद रहेंगी।
सीएम साय ने खुद इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में वे शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुर्ग जिले को इस अवसर पर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बता दें कि योजना के तहत साय सरकार अब तक 31 किश्तों के माध्यम से महतारी वंदन योजना की लाभप्राती महिलाओं के खाते में 20075.71 करोड़ रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में डाले जा चुके हैं। आज 32वीं किस्त के साथ हितग्राहियों को 20708.11 करोड़ का भुगतान किया जायेगा।

