जननायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बोले- वनवासी विकास का नया युग शु
Saturday, Nov 15, 2025-07:48 PM (IST)
राजनांदगांव (पुष्पेंद्र सिंह): जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जिसमें छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता दर्ज की।
कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह को वाईसन हॉर्न मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित की और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिरसा मुंडा की शहादत देश की स्मृति में सदैव अमर रहेगी। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ झारखंड में हुए ऐतिहासिक विद्रोह का उल्लेख करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और अन्य प्रदेशों में भी जननायक के रूप में पूजे जाते हैं।
वनवासी क्षेत्रों में लगातार विकास- डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप वनवासी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। दूरस्थ इलाकों में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया जा रहा है। कुपोषण, गरीबी और पलायन रोकने हेतु खाद्यान्न सुरक्षा योजना ने वनवासियों को मजबूती दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहकों की मजदूरी 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपए की गई। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 12 हजार करोड़ की लागत से 18 लाख आवास बनाए गए, जिनमें 7 लाख आवास वनवासी परिवारों को मिले हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्पष्ट परिवर्तन दिखाई दे रहा है, हर गांव में पेयजल, बिजली और अन्य सुविधाएँ पहुंचाई गई हैं। जिन क्षेत्रों में 50% से अधिक वनवासी जनसंख्या है, वहां धरती आबा योजना के तहत पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
“संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान के मूल में हमारे पूर्वजों का बलिदान”
डॉ. सिंह ने कहा कि भारत की पहचान उसकी संस्कृति, मिट्टी और संस्कारों से है। वीरों ने इसे बचाने के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया है। आज का दिन उन नायकों को याद करने का है, जो इतिहास में कहीं खो गए थे—लेकिन जिनका योगदान अमूल्य है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेशदत्त मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, कलेक्टर जितेंद्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।

