अगर आप भी हैं गोभी के शौकिन तो हो जाएं सतर्क,गोभी काटते वक्त अंदर से निकला सांप, महिला के उड़े होश,डर से कांपी
Saturday, Apr 18, 2026-06:06 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 8 कछियाना मोहल्ला से आए इस मामले ने हैरान कर दिया है। यहां एक घर में बंद गोभी के अंदर से छोटा सांप निकलने की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर गोभी के अंदर सांप दिखाई दे रहा है।
सिंधी कॉलोनी के पास रहने वाले शिवम नामदेव को गोभी काटते मिला सांप
जानकारी के अनुसार सिंधी कॉलोनी के पास रहने वाले शिवम नामदेव ने बताया कि उनकी बुआ माया नामदेव (50) सुबह रसोई में सब्जी बनाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान वे लोहे के हंसिया से बंद गोभी काट रही थीं। जैसे ही उन्होंने गोभी को बीच से काटा, अंदर से अचानक एक छोटा सांप निकल आया। यह देखकर वे घबरा गईं और जोर से चिल्लाईं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और सभी यह नजारा देखकर हैरान रह गए। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया।
विशेषज्ञ बोले- फल और सब्जियों को अच्छी तरह जांचना और साफ करना जरूरी
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर सब्जी के अंदर सांप कैसे पहुंच गया। हालांकि यह आशंका जताई जा रही है कि खेत या भंडारण के दौरान सांप गोभी के अंदर छिप गया होगा।
इस घटना ने लोगों को सतर्क रहने का संदेश भी दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि फल और सब्जियों को उपयोग करने से पहले अच्छी तरह जांचना और साफ करना बेहद जरूरी है। खासकर पत्तेदार सब्जियों में इस तरह के जीव छिपे होने की संभावना बनी रहती है।फिलहाल इस घटना से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसने लोगों को सावधान जरूर कर दिया है

