केरल में हथिनी के बाद अब MP में गाय को खिलाया विस्फोटक पदार्थ, बुरी तरह से जख्मी

6/17/2020 6:17:39 PM

उमरिया(शैलेंद्र चतुर्वेदी): केरल में मादा हथिनी को फल में बम मिलाकर खिलाने से मौत की घटना के बाद उमरिया जिले में गाय को विस्फोटक खिलाकर घायल करने की शर्मनाक करतूत सामने आई है। इससे गाय का जबड़ा फट गया और वह गंभीर रुप से घायल हो गई। पुलिस ने गाय मालिक की शिकायत पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी तलाश जारी कर दी है। 



केरल में गर्भवती हथिनी को फल में बम मिलाकर खिलाने से हुई मौत की घटना की शर्मनाक करतूत की आग अभी ठंडी भी नही हुई थी कि एमपी के उमरिया जिले में गाय को विस्फोटक खिलाकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। उमरिया जिले के पाली निवासी ओमप्रकाश अग्रवाल की गाय दो दिन से लापता थी और 15 जून की रात घर लौटी तो उसका जबड़ा लहूलुहान था। गाय मालिक ओम प्रकाश अग्रवाल ने 16 जून को इसकी शिकायत पाली थाने में दर्ज कराई है।

ओम प्रकाश अग्रवाल के अनुसार, 'हम सुबह गाय को चरने के लिये छोड़ देते थे। गाय घर के आसपास 500 मीटर के दायरे में घूमती थी और शाम को लौट आती थी, लेकिन 14 जून को वह वापस नहीं आई तो हमने दो दिन तक उसकी तलाश की और 16 जून को उसे ढूंढ लिया और देखा कि उसका निचला जबड़ा बुरी तरह ज़ख्मी है। इसके कारण उसका जबड़ा और मुंह ज़ख्मी हो गया है। गाय अब कुछ खा नहीं पा रही है। इस कारण अपने एक माह के बछड़े को दूध भी नहीं पिला पा रही है। 

घटना की जानकारी पूरे जिले में आग की तरह फैल गई और देखते देखते कई सामाजिक संगठनों सहित गौरक्षक दलों के प्रतिनिधयों ने इस शर्मनाक घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की मांग की जिसके बाद पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग ने गाय मालिक के जाकर घायल गाय को देखा और उपचार शुरू किया पाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

बता दें जिस गाय को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने विस्फोटक खिलाकर घायल किया है उसका दो माह का बछड़ा भी है जो लगातार अपनी मां के दूध को तड़प रहा है घायल होने के बाद गाय कुछ खाने पीने में असमर्थ हो गई है। घायल गाय अगर दम तोड़ती है तो बछड़ा भी जीवित नही बचेगा और एक बार फिर समाज मे केरल की क्रूर घटना दोहराई जाएगी।

वही इस मामले में जिला पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा का कहना है कि हमें जानकारी मिली है कि पाली पुलिस थाना क्षेत्र में एक गाय ज़ख्मी हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पशु चिकित्सक को बुलाकर गाय का उपचार कराया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।

meena

This news is Edited By meena