उज्जैन, इंदौर के बाद अब मंदसौर में भगवा रैली के बाद तनाव, घरों और वाहनों में तोड़-फोड़

12/31/2020 5:57:38 PM

मंदसौर(प्रीत शर्मा): उज्जैन और इंदौर के बाद मंदसौर के डोराना गांव में राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा उगाही करने के लिए निकली रैली के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान कई घरों और वाहनों में भी तोड़फोड़ हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों पर मामला दर्ज किया। फिलहाल गांव में शांति है, किंतु ऐहतियात के तौर पर पुलिस बल लगाया गया है। पूरे मामले में पुलिस की बड़ी नाकामी देखने को मिली है।

मंगलवार को जिले के डोराना गांव में निकले राम मंदिर के जुलूस के दौरान दो पक्षों में विवाद की घटना हुई थी। रैली निकालने के दौरान एक पक्ष द्वारा वर्ग विशेष के लोगों के घरों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई थी।  मामले में पुलिस द्वारा कुल 6 मामले दर्ज किए गए हैं। जिसमें 58 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से 5 की गिरफ्तारी हो पाई है।



जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में रैली निकालने से कुछ दिन पूर्व ही इंटेलिजेंस विभाग क्षेत्र में होने वाली संभावित घटना को लेकर आगाह कर चुका था। किंतु बावजूद इसके उचित पुलिस फोर्स नहीं लगाया गया। पूरे मामले में जिला पुलिस की बड़ी नाकामी देखने को मिली है। हालांकि एसपी सिद्धार्थ चौधरी ऐसा होने से इनकार कर रहे है।



देखने मे आया है कि, उज्जैन की घटना घटित होने के बाद भी जिले में निकली रैली से पूर्व पुलिस द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। वर्तमान में आगे निकलने वाली रैलियों पर प्रतिबंध लगाने की बात जिला प्रशासन कह रहा है। फिलहाल गांव में शांति है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल लगाया गया है।


सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वालों पर दर्ज हुआ मामला
जिले के डोराना में वाहन रैली के दौरान हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए है। जिनको लेकर जिला प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर धारा 144 लगाई गई है। साथ ही पुलिस भी पैनी नज़र रखी हुई है। वर्तमान में सोशल मीडिया के माध्यम से फ़िज़ा बिगाड़ने वाले मैसेज करने वालों पर जिले के नाहरगढ़ थाना, अफजलपुर थाना और शहर कोतवाली पर प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर नज़र बनाये हुए है।

meena

This news is meena