MP में अब लॉ एंड ऑर्डर का मतलब है, लो और ऑर्डर करो, घूस खाओ- अमित शाह

3/7/2019 2:48:48 PM

भोपाल: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। इस बीच उन्होंने सागर में एक जनसभा के दौरान पूर्व कि शिवराज सरकार की जमकर तारीफ की और वहीं कलमनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कमलनाथ सरकार पर किसानों को छलने का आरोप लगाया है। शाह ने कहा कि पहले सरकार के विभाग काम करते थे विकास के लिए, बिजली, सड़क के लिए, लेकिन अब ठेकेदारों के दलालों के लिए काम हो रहा है। पहले सरकार किसानों के लिए काम करती थी। मुझे याद है कि एक बार गेहूं भरने के लिए थैले नहीं थे। तो शिवराज ने पूरा दिल्ली सिर पर उठा लिया था।


कर्जमाफी को लेकर साधा कमलनाथ सरकार पर निशाना

कर्ज माफी को लेकर भी अमित शाह ने कांग्रेस को जमकर घेरा। शाह ने कहा कि 50 हजार करोड़ का कर्ज माफ करना था और आपने 5 हजार करोड़ का भी ऋण माफ नहीं किया। इस मुद्दे को लेकर सवाल करना चाहिए। हमारे पीएम मोदी ने किसानों की सहायता के लिए राशि बढ़ाई। मध्यप्रदेश में ओले गिरे, किसानों का नुकसान हुआ, लेकिन कमलनाथ एक जगह भी नहीं गये।कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के किसानों को छलने का काम किया है। अब राहुल बाबा हमें सलाह दे रहे हैं, की लोन माफ कीजिए। राहुल बाबा जरा इतना बता दें कि रबी की फसल कौन सी होती है और खरीफ की कौन सी होती है। उन्हें ये नहीं मालूम की आलू जमीन के ऊपर होता हैं या नीचे। और वो हमें किसानों के लिए सलाह दे रहे हैं।



 

पूर्व की शिवराज सरकार की तारीफ की

अमित शाह ने कहा कि बीजेपी नेताओं के आधार पर चुनाव नहीं जीतती है, बूथ और कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव जीतती है। मध्यप्रदेश ऐसे प्रदेशों में से है जहां संगठन सबसे ज्यादा मजबूत है। पूर्व की शिवराज सिंह की सरकार ने प्रदेश में अभूतपूर्व काम किए हैं। लेकिन अब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से बड़े बदलाव हुए हैं। शिवराज सिंह की सरकार में लॉ एंड ऑर्डर का मतलब था कानून-व्यवस्था, अब यहां लॉ एंड ऑर्डर का मतलब है, लो और ऑर्डर करो। यानी घूस लो और काम करो। पहले सरकार जनता के कल्याण के लिए चलती थी, अब सरकार ट्रांसफर करने वाले दलालों के लिए चल रही है। पूर्व की शिवराज सरकार ने किसानों के लिए बहुत काम किया है।    



 

केंद्रे की कल्याण कारी नीतियों को रोक रही है कमलनाथ सरकार

'पीएम किसान सम्मान निधि' योजना के लिए पात्र किसानों की सूची अभी तक मध्य प्रदेश सरकार ने उपलब्ध नहीं कराई है। जिससे यहां के किसानों को अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। मध्य प्रदेश सरकार 'आयुष्मान भारत योजना' में अड़ंगे लगा रही है। मैं यहां के मुख्यमंत्री को चेतावनी देता हूं कि गरीबों की हाय मत लीजिये। मोदी सरकार की 133 लोक कल्याणकारी योजनाओं को मध्य प्रदेश में बंद कराने का पाप कमलनाथ सरकार कर रही है।



 

मध्यप्रदेश में बीजेपी का संगठन सबसे ज्यादा मजबूत

अमित शाह ने कहा कि, य़ह राजमाता विजयाराजे सिंधिया का ही कमाल है कि हमारा बूथ एमपी में इतना मजबूत है। जहां पर बूथ का कार्यकर्ता मजबूत होता हैं, वहां भाजपा की जीत सुनिश्चित होती है और एमपी में बीजेपी का बूथ सबसे मजबूत है। मध्यप्रदेश एक बार फिर से बीजेपी का गढ़ बनेगा।


मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने से हुआ बड़ा बदलाव

शाह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, मोदी सरकार की योजना लोकप्रिय ना हो पाएं इसलिए लोगों तक विकास नहीं पहुंचाया जा रहा है। 2 महीने के अंदर ही समझ आ गया होगा कि भाजपा की सरकार कैसी होती है। किसानों के आंसू पोछने के लिए हर वक्त शिवराज मौजूद होते थे। शाह ने मध्यप्रदेश के बदलाव का जिक्र करते हुए कहा, बदलाव हुआ है। अब भ्रष्टाचार और ठेकेदारों का बढ़ावा हुआ है।  



 

आजादी के बाद सबसे बड़ा रक्षा बजट बीजेपी सरकार ने लाया

मोदी सरकार ने गरीबों के लिए पेंशन योजना चालू की। पांच लाख तक आय वालों के लिए इनकम टैक्स से मुक्ती देने का काम किया है। मोदी सरकार में देश के रक्षा बजट को तीन लाख करोड़ तक बढ़ाया गया। आजादी के बाद सबसे बड़ा रक्षा बजट मोदी सरकार ने लाया। प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत की सरहदों के साथ छेड़छाड़ करने का परिणाम क्या होता है। एक बार सर्जिकल स्ट्राइक और एक बार एयर स्ट्राइक कर आतंकवादियों का खात्मा किया है।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar