संगठन में शिवराज सिंह का बढ़ा कद, अमित शाह ने सौंपी सदस्यता अभियान की कमान

6/15/2019 1:34:56 PM

भोपाल: मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पार्टी हाई कमान ने सदस्यता अभियान के प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके लिए शिवराज सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आभार जताया है। उन्होंने देश में सदस्यता अभियान का रोडमैप तैयार कर लिया है। शिवराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्म दिवस पर 6 जुलाई से सदस्यता अभियान शुरू होगा जो 20 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार का मूल मंत्र सदस्यता है।


इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता ने लोकसभा चुनाव में बीजेपी को जीत दिलाई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का जो अनुमान था वो सही साबित हुआ है। हालांकि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, लेकिन शाह का मानना है कि बीजेपी का सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है। शिवराज ने बताया कि संगठन के विस्तार का आधार सदस्यों की संख्या बढ़ाना है, हम दक्षिण के राज्यों में पार्टी का जनाधार बढ़ाएंगे, समाज के हर वर्ग में सदस्य बनाएंगे हर बूथ पर भाजपा होगी। इसके लिए 6 जुलाई से एक साथ राष्ट्रीय स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

शिवराज सिंह ने कहा कि पहले चरण में सभी राज्यों से प्रदेश सदस्यता प्रभारियों की नियुक्ति की जा रही है। इसके बाद 17 जून को इनकी बैठक दिल्ली में बुलाई है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। 24 जून को सभी राज्यों में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। शिवराज ने बताया कि मिस कॉल के बाद कार्यकर्ता का भौतिक परीक्षण भी किया जाएगा। 11 करोड़ कार्यकर्ता के बाद अब इसमें 20% कार्यकर्ताओ को और अतिरिक्त जोड़ने का लक्ष्य है।



वहीं कमलनाथ सरकार के छह माह पूरे होने पर शिवराज ने कमलनाथ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अवैध उत्खनन लगातार बढ़ता जा रहा है, कर्जमाफी के नाम पर झूठ बोला गया है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है आलम यह है कि एक एक अधिकारी का चार चार बार ट्रांसफर हो रहा है, इनवेस्टर अब लालटेन की चिमनी बनाने के उद्योग लगाएंगे।

 

meena

This news is meena