सिंधिया के सहारे मराठा कार्ड खेल रही बीजेपी! बाजीराव पेशवा की जयंती पर बड़ा संदेश दे गए सिंधिया
Wednesday, Aug 18, 2021-05:22 PM (IST)

खरगोन(ओम रामनेकर): जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को बाजीराव पेशवा (प्रथम) की समाधि पर पहुंचे। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह भी उनके साथ थे। खरगोन में आज (18 अगस्त) को बाजीराव पेशवा की जयंती के मौके पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस मौके पर सिंधिया और चौहान को पेशवा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मराठाओं के इतिहास पर कई बातें कही।
कार्यक्रम के उद्बोधन ने सिंधिया ने मराठा साम्राज्य के डेढ़ सौ साल के इतिहास पर विस्तार से जानकारी दी। सिंधिया ने कहा कि उन्हें गर्व है कि मराठा साम्राज्य के श्रीमंत बाजीराव पेशवा की समाधि पर आने का उन्हें मौका मिला।
इसके लिए उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। सिंधिया ने कहा कि बाजीराव पेशवा मराठाओं की पहचान थी। यह एक संयोग है कि यह समाधि मेरे पूर्वज ने बनाई। इसमें सिंधिया खानदान का पूरा योगदान है। सिंधिया सिंधिया ने मराठा साम्राज्य पर जानकारी देते हुए बताया कि शिवाजी ने देश मे हिंदुत्व को स्थापित किया है। इसलिए आज हमारी संस्कृति और इतिहास जिंदा है। सरकार ने रावेरखेड़ी में पेशवा स्मारक बनाने की लिए योजना बनाई है। यहां मराठा का वाड़ा बनना चाहिए ओर मराठा की पहचान के रूप में काले पत्थर का इस्तेमाल किया जाए।
वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस स्थल को ऐसा स्थल बनाया जाएगा कि देशभर से लोग इस स्थल पर प्रणाम करने आएंगे। चौहान ने मंच से ही निर्देश दिए कि यह ऐसा बने कि जमाना याद रखें। यह अनमोल स्थल है। नर्मदा मैया की गोद में अंतिम सांस ली, तीर्थ यात्री निवास भी बनेगा। बैठने और रुकने के लिए स्थल बनेगा। यहां से गुजरने वाले यात्री भी विश्राम कर सके।
कार्यक्रम के बाद सीएम भोपाल के लिए रवाना हो गए । वही ज्योतिरादित्य सिंधिया की निमाड़ में अपनी जनआशीर्वाद यात्रा का आगाज किया। यात्रा रावेरखेड़ी से शुरू हुई जो बेड़िया सनावद , बड़वाह होते हुए देर रात्रि इंदौर पहुंचेगी।