खून से सना मंदसौर: BJP पार्षद की पत्नी की गला काटकर निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी
Thursday, Feb 05, 2026-07:43 PM (IST)
मंदसौर (शाहरुख मिर्जा): मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अभिनंदन क्षेत्र में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रुबिना के रूप में हुई है, जो नगर पालिका के भाजपा पार्षद शाहीद मेव की पत्नी बताई जा रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की गला काटकर हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना को लेकर कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

