ब्यूटी पार्लर में मेकअप करवाने आई दुल्हन की गला रेत कर सनसनीखेज हत्या

7/5/2020 3:40:15 PM

रतलाम: जिले के जावरा में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात हुई। जिस घर में खुशिया छाई हुई थी वहां पलक झपकते मातम छा गया। अपनी शादी के लिए मेकअप करवाने ब्यूटी पार्लर गई एक दुल्हन की अज्ञात आरोपी ने गला रेत कर हत्या कर दी। कयास लगाए जा रहे हैं कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग बड़ी वजह है। सूचना मिलते ही जावरा सीएसपी पी.एस. राणावत पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह की है। शाजापुर निवासी सोनू यादव (उम्र24) अपने परिवार के साथ रविवार सुबह ही विवाह के लिए जावरा आई थी। विवाह से पहले मेकअप करने के लिए दुल्हन सोनू अपनी बहिन के साथ जावरा के मंशापूरण रोड स्थित एक ब्यूटीपार्लर गई थी। एक युवक ने पहले दुल्हन को बाहर से फोन लगाया और उसके बाद ब्यूटी पार्लर में घुसकर धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी और भाग निकला।



आरोपी का नाम राहुल बताया जा रहा है। सोनू यादव की कुछ साल पहले उज्जैन निवासी युवक से शादी हुई थी, कुछ कारणों से वह रिश्ता टूट गया और तलाक हो गया था। अब यह दूसरी शादी नागदा के जैन समाज के युवक से कर रही थी। दिल दहला देने वाले इस घटनाक्रम से जावरा में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही सीएसपी पी.एस. राणावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार दुल्हन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने आरोपी की तलाश में पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

meena

This news is Edited By meena