छत्तीसगढ़ में यात्रियों से भरी बस नाले में उतरी, बाल-बाल बचे यात्री, ड्राइवर-कंडक्टर फरार
Thursday, Jul 28, 2022-12:23 PM (IST)

जशपुर(योगेश यादव): छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्थलगांव थाना इलाके में आज सुबह 11 बजे यात्रियों से भरी सितारा बस अनियंत्रित होकर नाले में उतर गई। इस दौरान बस में सवार में यात्रियों के बीच अफ़रा तफ़री का माहौल बन गया। बस में 18 से 20 यात्री सवार थे। घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय ग्रामीण और पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और सबकी मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
रायगढ़ से पत्थलगांव चलने वाली सितारा बस आज सुबह यात्रियों को लेकर रायगढ़ से पत्थलगांव के लिए रवाना हुई थी जो कि जशपुर जिले से सटे रायगढ़ जिले के मुड़ागांव के पास अनियंत्रित होकर नाले में उतर गई। गनीमत ये रही कि नदी में पानी का बहाव कम था जिसके कारण स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी यात्रियों को सकुशल बस से बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई थी, घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस चालक की बड़ी लापरवाही के कारण घटना हुई है। घटना के बाद से बस चालक, क्लीनर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए हैं, फ़िलहाल बड़ी घटना होते होते बच गई। इस घटना स्थल पहुंचकर पुलिस हादसे की जांच में जुट गई।