Murder-2 की तर्ज पर हत्या! बच्चे की चाहत में तांत्रिक के कहने पर दंपति ने कॉल गर्ल की दी बलि

10/23/2021 12:46:24 PM

ग्वालियर(अंकुर जैन): आपने इमरान हाशमी व जैकलीन की मूवी मर्डर-2 तो देखी होगी। इसी मूवी की तर्ज पर एक दंपति ने जिनके शादी के 18 साल बाद भी बच्चा नहीं हो रहा था वे अपने जानकार के कहने पर एक तांत्रिक के पास जाते हैं। यही से शुरु होती है गुनाह की कहानी। तांत्रिक के कहने पर दंपति एक कॉल गर्ल की बलि देते हैं। कॉल गर्ल ही क्यों इसके जबाव में दंपति ने बताया क्योंकि उसके आगे पीछे कोई नहीं होता और न ही कोई पुलिस शिकायत करता है। इसमें दंपति का साथ बहन व उसका बॉयफ्रेंड देता है। लेकिन मामला पुलिस तक पहुंच जाता है। पुलिस इस केस की तह तक कैसे पहुंचती है। आइए बताते हैं...

लावारिस महिला की लाश मिलने से फैली सनसनी...
दरअसल, गुरुवार सुबह हजीरा के IIITM कॉलेज के पास मुरैना रोड पर एक महिला की लाश मिली तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जांच शुरु की लेकिन कोई अता पता नहीं चला और ना ही कोई गुमशुदगी की शिकायत आई। महिला के गले पर निशान देख एक बात तो साफ हो गई कि उसकी हत्या हुई है। महिला की पहचान आरती उर्फ लक्ष्मी मिश्रा (40) निवासी हजीरा के रूप में हुई थी। 12 साल पहले ही उसका पति से तलाक हो चुका था। पति ने तलाक की वजह उसका चाल-चलन ठीक न होना बताया था। महिला कुछ समय से किसी ऑटो ड्राइवर के साथ लिव इन में रहने का भी पता लगा। पुलिस जांच कर रही रही थी कि उसके कॉल डिटेल से कई राज खुल गए। पता लगा कि वह एक कॉलगर्ल थी। इसके बाद पुलिस ने को जांच इस एंगल पर मोड़ा।

महिला की दी गई थी बलि...
पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई मिली महिला की लाश कॉलगर्ल थी। उसकी बलि दी गई थी। दरअसल, ममता भदौरिया और बेटू भदौरिया निवासी मोतीझील की शादी को 18 साल हो गए थे। उनके कोई बच्चा नहीं है। बेटू को एक बच्चे की चाह थी। उसने कई हकीम, डॉक्टर और बाबाओं का सहारा लिया, लेकिन घर में किलकारी नहीं गूंजी। इस पर बेटू ने अपनी बहन मीरा राजावत से बात की। उसने अपने दोस्त नीरज परमार को पूरी बात बताई। नीरज ने सभी को बताया कि वह मुरैना सरायछोला निवासी तांत्रिक गिरवर यादव को जानता है। वह यह काम चुटकी में कर सकता है। इसके बाद गिरवर से मुलाकात हुई तो उसने एक जान के बदले एक जान मांगी। मतलब घर में बच्चा चाहिए तो एक बलि देना पड़ेगी। बलि के लिए आइडिया इमरान हाशमी और जैकलीन की मर्डर-2 मूवी से लिया गया। मूवी में एक सीरियल किलर घर बुलाकर वह कॉलगर्ल की हत्या कर देता था। कॉलगर्ल का कोई रिश्तेदार नहीं होता था, इसलिए पुलिस मामलों को सुलझा नहीं पा रही थी। इसी तरह नीरज ने प्लान बनाया।

ऐसे दिया घटना को अंजाम...
बेटू भदौरिया ने कहीं से नंबर लेकर आरती को बुधवार रात मिलने बुलाया। उसे 10 हजार रुपए में बुक किया था। इसके बाद बेटू भदौरिया उसे लेकर मोतीझील पहुंचा। यहां बेटू और नीरज ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उनको हजीरा में रह रहे तांत्रिक को बलि के फोटो दिखाने थे। मोबाइल में फोटो खींचे, लेकिन बाद में पकड़े जाने के डर से डिलीट कर दिए। इसके बाद तय किया कि लाश को जिंदा बनाकर ले जाएंगे और तांत्रिक को दिखाकर वहीं फेंक देंगे। रात 11 बजे नीरज और मीरा बाइक पर आरती की लाश को बीच में बैठाकर हजीरा तांत्रिक के घर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में IIITM कॉलेज के पास अचानक बाइक का नियंत्रण बिगड़ा तो बीच में आरती की लाश सड़क पर गिर पड़ी। इस पर दोनों घबरा गए। वहां से कुछ लोग भी निकल रहे थे। इस पर वह बाइक को आगे बढ़ाकर भाग गए।

पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार...
कहते हैं अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कोई न कोई सुराह छोड़ ही जाता है। ऐसे ही हुआ, गुरुवार सुबह लाश मिली तो पुलिस ने जांच शुरु की। इसके बाद एक एक करके परतें खुलती गई। महिला की पहचान कॉलगर्ल के रुप में हुई और उसकी कॉल डिटेल और CCTV फुटेज ने मर्डर मिस्ट्री को सुलझा दिया। 24 घंटे में CSP महाराजपुरा रवि भदौरिया, TI हजीरा आलोक सिंह परिहार की टीम ने मामले का खुलासा कर दिया। तांत्रिक गिरवर यादव जिसने हत्या के लिए उकसाया, दंपति ममता भदौरिया, उसका पति बेटू भदौरिया, बेटू की बहन मीरा राजावत और उसके बॉयफ्रेंड नीरज परमार को गिरफ्तार किया गया है।

 

meena

This news is Content Writer meena