आयुष्मान भारत में छत्तीसगढ़ का जलवा: राष्ट्रीय स्तर पर दो बड़े पुरस्कार हासिल
Saturday, Apr 18, 2026-06:19 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा 17 और 18 अप्रैल 2026 को पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित चिंतन शिविर के दौरान प्रदान किए गए।
छत्तीसगढ़ को ‘बेस्ट परफॉर्मिंग लार्ज स्टेट’ के रूप में दो प्रमुख श्रेणियों में सम्मान मिला है। पहली श्रेणी ‘हाई ट्रिगर एफिकेसी’ में राज्य ने संदिग्ध क्लेम की पहचान और उनके विश्लेषण में उल्लेखनीय दक्षता दिखाई है। उन्नत आईटी आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम और मजबूत ऑडिट व्यवस्था के जरिए अनियमितताओं की समय पर पहचान सुनिश्चित की गई। दूसरी श्रेणी ‘टाइमली प्रोसेसिंग ऑफ सस्पिशियस क्लेम्स’ में राज्य ने संदिग्ध दावों के त्वरित निपटान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। तय समय सीमा के भीतर क्लेम की जांच और निष्पादन कर पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया गया है।
राज्य में क्लेम ऑडिट सिस्टम को सशक्त बनाने, ट्रिगर आधारित निगरानी प्रणाली लागू करने और अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने से क्लेम प्रोसेसिंग की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इससे लाभार्थियों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र की पारदर्शिता, प्रतिबद्धता और निरंतर सुधार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार आयुष्मान भारत योजना के जरिए अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

