Punjab Kesari MP ads

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की गूंज: जल संरक्षण मॉडल को पीएम मोदी की सराहना, CM साय बोले- अब बनेगा जन आंदोलन

Sunday, Mar 29, 2026-04:49 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री Narendra Modi के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी सुनी और इसे राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक नवाचारों और जनभागीदारी को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि कोरिया जिले में किसानों द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों की प्रधानमंत्री द्वारा सराहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे अभिनव मॉडल के जरिए किसानों ने रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य किया है, जिससे भूजल स्तर में सुधार हुआ है और यह अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक मिसाल बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है और छत्तीसगढ़ में भी इसे व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा मत्स्य उत्पादन, फिटनेस, शुगर इंटेक में कमी और खेलों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर दिए गए संदेशों को भी मुख्यमंत्री ने उपयोगी और प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री साय ने पश्चिम एशिया की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण को और मजबूत बनाकर छत्तीसगढ़ को जल-संपन्न और समृद्ध राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मीडिया सलाहकार कृष्णा दास सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News